पीएम आवास स्वीकृत करने के नाम पर मांगे थे 5 हजार की रिश्वत
नारायणगंज के पड़रिया पंचायत सचिव के खिलाफ मामला दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29. आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ इकाई जबलपुर द्वारा मंडला जिले के नारायणगंज विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़रिया के सचिव अभिषेक शर्मा के विरुद्ध भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी सचिव द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ दिलाने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।
जानकारी अनुसार प्रार्थी अमन गुप्ता निवासी पड़रिया, नारायणगंज ने ईओडब्ल्यू कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी माता श्रीमती शशि गुप्ता के नाम से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वे के बाद आवास स्वीकृत करने के लिए ग्राम पंचायत सचिव अभिषेक शर्मा द्वारा 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के दौरान ईओडब्ल्यू द्वारा रिकॉर्डिंग व अन्य माध्यमों से तस्दीक कराई गई, जिसमें सचिव द्वारा रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ द्वारा आरोपी सचिव अभिषेक शर्मा के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की विवेचना एवं वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।










