श्रीराम सेवा संकल्प के ट्रांसपोर्ट महोत्सव में एक हजार मेधावी छात्रों को वितरण की गई छात्रवृत्ति
.कक्षा 7वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों का किया गया सम्मान
- शिक्षा के बिना ऊंचाई छूना संभव नहीं-मंत्री प्रहलाद पटेल
- 12 वर्षों से जारी है कंपनी की यह अनूठी पहल
- श्रीराम सेवा संकल्प के ट्रांसपोर्ट महोत्सव में 1000 मेधावी छात्रों को मिली छात्रवृत्ति
- कार्यक्रम में मंडला स्टाफ का रहा विशेष योगदान
मंडला महावीर न्यूज 29. श्रीराम सेवा संकल्प के तत्वावधान में आयोजित ‘नवगति-हर सफर में प्रगति’ ट्रांसपोर्ट परिवार महोत्सव के अंतर्गत एजुकेशन स्कॉलर प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडला स्टाफ का विशेष योगदान रहा। शाखा प्रबंधक सहित स्टाफ ने कार्यक्रम में शिरकत की और कार्यक्रम को सफल बनाया। यहां बालाघाट क्षेत्र के कक्षा 7वीं से 12वीं तक के करीब एक हजार मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, विशिष्ट अतिथि बालाघाट सांसद भारती पारधी, लांजी विधायक राजकुमार कराहे, पूर्व आयुष मंत्री रामकिशोर कांवरे रहे। विशेष अतिथि के रूप में श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के बिजनेस यूनिट हेड सचिन सिंह शेखावत और भोपाल जोनल बिजनेस हेड संतोष सिंह, मंडला एवं बालाघाट के रीजन कलेक्शन हेड राजमणि रजक व मंडला और बालाघाट के शाखा प्रबंधक एवं कंपनी का स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र के साथ छात्रवृत्ति राशि प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को अपने बच्चों के भविष्य की चिंता रहती है। शिक्षा के बिना जीवन में ऊंचाई हासिल करना संभव नहीं है। श्रीराम फाइनेंस की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में किया जा रहा यह प्रयास सराहनीय है। देश में कई कंपनियां अपने व्यवसाय के साथ काम करती हैं, लेकिन शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह प्रोत्साहन देने वाली कंपनियां कम हैं। विद्यार्थियों को मिलने वाली यह प्रोत्साहन राशि उनकी पढ़ाई में निश्चित रूप से मददगार साबित होगी।
लक्ष्य तय कर आगे बढ़ें विद्यार्थी : भारती पारधी
बालाघाट सांसद भारती पारधी ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की यह पहल सराहनीय है। इस तरह की छात्रवृत्ति बच्चों को पढ़ाई के साथ अपने भविष्य के लिए बेहतर लक्ष्य तय करने में मदद करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है और उसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करनी चाहिए।
12 वर्षों से विद्यार्थियों को दी जा रही छात्रवृत्ति
श्रीराम फाइनेंस के मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ बिजनेस यूनिट हेड सचिन सिंह शेखावत ने बताया कि कंपनी पिछले 12 वर्षों से ट्रांसपोर्टर्स और ट्रैवल्स से जुड़े परिवारों के बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट से जुड़े कई परिवारों के सदस्य अपने परिवार से कई महीनों तक दूर रहकर काम करते हैं और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मेहनत करते हैं। ऐसे परिवारों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि ऐसे बच्चे आगे बढ़ें और अपने परिवार, गांव, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करें। कार्यक्रम में शामिल अतिथियों और विद्यार्थियों का उन्होंने आभार व्यक्त किया।
60 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों का चयन
भोपाल जोनल बिजनेस हेड संतोष सिंह ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य ऐसे परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ाना है, जिनमें प्रतिभा और आगे बढ़ने की इच्छा तो है, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण उन्हें कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता है। 60 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए चयनित किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षा को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए उत्साहित करने के उद्देश्य से कंपनी लगातार इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
छात्रों ने कहा- पढ़ाई में मिलेगी मदद
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भी श्रीराम फाइनेंस की इस पहल की सराहना की। विद्यार्थियों ने कहा कि छात्रवृत्ति की राशि उनकी आगे की पढ़ाई में उपयोगी साबित होगी। इससे उन्हें बेहतर शिक्षा हासिल करने के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। कार्यक्रम में बालाघाट कलेक्टर आदित्य सिंह, बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा श्रीराम फाइनेंस के मंडला और बालाघाट शाखा प्रबंधक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।










