रात में फोन कर बुलाया, विवाद होने पर घोंट दिया गला

Advertisements

रात में फोन कर बुलाया, विवाद होने पर घोंट दिया गला

नारायणगंज के माढ़ोगड़ में 17 वर्षीय नाबालिग की हत्या

  • गांव का ही युवक गिरफ्तार, ब्लेड और पत्थर से किया था वार
  • पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सुलझाई मर्डर मिस्ट्री

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के टिकरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को गांव के ही 23 वर्षीय युवक विनय को गिरफ्तार कर लिया है। मृतिका का शव गुरुवार सुबह उसके घर के पास स्थित एक खेत में संदिग्ध अवस्था में मिला था।

फोन पर बुलाकर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतिका और आरोपी विनय के बीच लंबे समय से फोन पर बातचीत होती थी। वारदात वाली रात आरोपी ने फोन कर नाबालिग को खेत के पास बुलाया था। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखा विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी विनय ने पहले लड़की पर ब्लेड और पत्थर से जानलेवा हमला किया। इसके बाद जब लड़की लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई, तो आरोपी ने उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर हुई गिरफ्तारी

गुरुवार सुबह खेत में शव मिलने की सूचना पर टिकरिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव पर चोट के स्पष्ट निशान मिलने के बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए नारायणगंज स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिजनों से पूछताछ की और कॉल डिटेल्स खंगाले, जिसके आधार पर विनय को हिरासत में लिया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मंडला एसपी राजेश रघुवंशी ने बताया कि नाबालिग का शव मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल हत्या का मामला दर्ज कर सघन जांच शुरू कर दी थी। सामने आए सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।


 

Leave a Comment