किड्जी सिविल लाइंस मंडला में 80वें स्वतंत्रता दिवस की धूम
नन्हे-मुन्नों ने देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन
- किड्जी के बच्चों ने दिखाई ‘कश्मीर से कन्याकुमारी तक की झलक
- शानदार ड्रिल्स और नृत्यों से मनाया स्वतंत्रता दिवस
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर के किड्जी सिविल लाइंस परिसर में 80वें स्वतंत्रता दिवस का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंगों में सराबोर नजर आया। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों, मनमोहक वेशभूषा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सभी के भीतर देशप्रेम की भावना को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान भारत की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हुए कई शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। इनमें हमारा सुर-हमारी पहचान, जज्बा-ए-जवान, चलो पहचानें भारत को, कश्मीर से कन्या कुमारी तक की सांस्कृतिक यात्रा और भारत के रंग-बिरंगे त्योहार जैसी प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। नन्हे बच्चों ने स्वतंत्रता सेनानियों का रूप धारण कर उनकी भूमिका का सजीव अभिनय किया। इसके अलावा देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य और विभिन्न ड्रिल्स जैसे- रिबन ड्रिल, फ्लावर ड्रिल, हुला-हूप ड्रिल एवं पैट्रियोटिक प्राइड डिस्प्ले ड्रिल ने वहां मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सांस्कृतिक विरासत की दिखी झलक
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा धारण की गई मनमोहक वेशभूषा ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बेहद खूबसूरती से प्रस्तुत किया। यह भव्य आयोजन विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शालिनी शुक्ला के कुशल मार्गदर्शन और स्कूल कोऑर्डिनेटर राशि पमनानी के प्रभावी पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। इस पूरे आयोजन की उत्कृष्ट योजना, सफल मंच संचालन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शानदार प्रबंधन डांस शिक्षक भव्यदीप कछवाहा, विद्यालय के सभी शिक्षकों और सहयोगी स्टाफ के अथक प्रयासों से किया गया। उपस्थित जनों ने नन्हे बच्चों की प्रतिभा और विद्यालय परिवार के इस भव्य आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।










