मवेशियों को मिलेगा पानी और सिंचाई में होगी आसानी

Advertisements

जल संचय अभियान से बढ़ेगा भू-जल स्तर

मवेशियों को मिलेगा पानी और सिंचाई में होगी आसानी

  • ग्राम परतला की घुघरा नदी में जनसहयोग से किया 150 बोरियों का बंधान
  • जल संरक्षण की सराहनीय पहल, जल है तो कल है के नारों से गूंजा क्षेत्र

मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र जन अभियान परिषद विकासखंड नारायणगंज सेक्टर चिराईडोंगरी द्वारा जल संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया गया है। जिला समन्वयक सुशील कुमार बर्मन के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे जल संचय अभियान के अंतर्गत ग्राम परतला की घुघरा नदी में 150 बोरियों का बंधान किया गया। यह कार्य नवांकुर संस्था प्रगति जनकल्याण समिति मंडला के संयुक्त प्रयास और स्थानीय ग्रामीणों के पूर्ण जनसहयोग से संपन्न हुआ।घुघरा नदी में बोरी बंधान होने से बहता हुआ पानी रुक गया है, जिसके कई दूरगामी लाभ क्षेत्र को मिलेंगे। नदी में पानी के ठहराव से अब स्थानीय मवेशियों को पीने के लिए आसानी से पानी उपलब्ध हो सकेगा। इसके साथ ही रुका हुआ पानी धीरे-धीरे जमीन के अंदर रिसेगा, जिससे गांव के कुओं और हैंडपंपों का भू-जल स्तर बढ़ेगा। आसपास के खेतों में नमी बनी रहने से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त मदद मिलेगी और क्षेत्र में हरियाली को भी बढ़ावा मिलेगा।

युवाओं और ग्रामीणों की रही सक्रिय सहभागिता 

कार्यक्रम के दौरान प्रगति जनकल्याण समिति द्वारा सभी श्रमदानियों को जलपान कराकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया गया। इस जनहितैषी कार्य में सीएम देवलता उइके, इंटर्नशिप परामर्शदाता इंद्रा उइके, एमएसडब्ल्यू छात्र-छात्राएं मनोज बघेल, खेतदास, रतन सिंह वरकड़े, अंजू बघेल, मनोरमा, शिवानी, भविष्य, अमित, भूपेंद्र, ओमप्रकाश, ग्राम से आशिक बघेल, सामाजिक कार्यकर्ता शिवरी बाई सहित ग्राम की प्रस्फुटन समिति के समस्त सदस्यों व ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का समापन जल है तो कल है, जल ही जीवन है के नारों के साथ जल संरक्षण का संदेश देकर किया गया।


 

Leave a Comment