श्रद्धा और उल्लास से मनाई श्री गुरुनानक जयंती
गुरुवाणी के जयकारों से गूंजा नगर, भव्य शोभायात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत
- साप्ताहिक पाठ के भोग साहिब व अरदास के साथ सजी भजन संध्या
- मेधावी विद्यार्थियों और प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, श्रद्धालुओं ने चखा लंगर
मंडला महावीर न्यूज 29. श्री गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर नगर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। पूज्य सिंधी पंचायत, सिंधु नवयुवक मंडल, महिला मंडल, गुरुद्वारा सेवा समिति और झूलेलाल धाम सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में सामाजिक जनों ने सहभागिता की।
भाईसाहब हरनाम उदासी एवं पंडित रानूनाथ शर्मा की उपस्थिति में साप्ताहिक पाठ के भोग साहिब का कार्यक्रम आरती, पूजा-अर्चना और अरदास के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान गुरुग्रंथ साहिब को रुमाला अर्पित किया गया और समाज की सुख-समृद्धि, शांति व खुशहाली के लिए विशेष अरदास की गई। कार्यक्रम में शामिल सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया।

पुष्पवर्षा और आरती से हुआ शोभायात्रा का स्वागत
प्रात:काल श्री गुरुद्वारा साहिब से एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरने के दौरान सामाजिक जनों ने पुष्पमालाओं, पुष्पवर्षा और आरती के साथ शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान गुरुवाणी और श्री गुरुनानक देव जी के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाई। नगर भ्रमण के पश्चात शोभायात्रा पुन: श्री गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुई।

मेधावी विद्यार्थियों और प्रतिभाओं का किया सम्मान
प्रकाश पर्व के अवसर पर समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। इसमें समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाले सामाजिक जनों को पूज्य सिंधी पंचायत की ओर से प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। समाज के वरिष्ठजनों ने सभी प्रतिभाओं की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु, लंगर का लिया आनंद
रात्रि के समय गुरुनानक जयंती के उपलक्ष्य में संगीतमय भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय कलाकारों ने गुरु महिमा और भक्ति से ओतप्रोत भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर स्वर लहरियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। आयोजन के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर लंगर ग्रहण किया और गुरु प्रसाद का आनंद लिया।










