तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, ड्यूटी से लौट रहा युवक गंभीर घायल
नारायणगंज के देवगांव रैयत में टक्कर के बाद सड़क किनारे पलटा डस्ट से भरा डंपर
- चालक और क्लीनर मौके से फरार
- घायल को जबलपुर मेडिकल कॉलेज किया रेफर
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज मुख्यालय से करीब 13 किलोमीटर दूर देवगांव रैयत स्थित टिकरिया मार्ग पर एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं टक्कर के बाद अनियंत्रित हुआ डंपर सड़क किनारे पलट गया। घटना के बाद डंपर चालक और क्लीनर मौके से फरार हो गए। हादसे की सूचना टिकरिया पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटना स्थल पहुंची।
जानकारी अनुसार डस्ट से लोड डंपर क्रमांक एमपी 20 एम 3380 टिकरिया मार्ग से मानेगांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम देवरी निवासी जगदीश वरकड़े पिता धनीराम वरकड़े, 23 वर्ष, निवासी झाझंनगर से अपनी ड्यूटी समाप्त कर बाइक क्रमांक एमपी 51 एमजेड 3101 से घर लौट रहा था। देवगांव रैयत के पास डंपर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और डंपर भी सड़क किनारे पलट गया।
गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल तत्परता दिखाते हुए घायल जगदीश वरकड़े को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया गया कि घायल जगदीश बरकड़े के पूरे शरीर में काफी गंभीर चोटे आई है। जिसकी हालत नाजूक बनी हुई है।
भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर उठे सवाल
इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, फरार चालक व क्लीनर की जल्द तलाश कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने और क्षेत्र में भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।










