सुरपन नदी के तट पर तीन दिवसीय सीतारपटन मड़ई का आगाज
पहले दिन चंडी पूजा व छहौर विसर्जन, गर्म कपड़ों व झूलों पर जुटी भीड़
- क्षेत्र की प्रसिद्ध सीतारपटन मड़ई शुरू
- अंजनिया, दिवारा व मांद सहित दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु व व्यापारी
- पुलिस की कड़ी चौकसी
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रतिवर्ष कार्तिक मास की पूर्णिमा से आयोजित होने वाली तीन दिवसीय प्रसिद्ध सीतारपटन मड़ई का मंगलवार को आगाज हो गया। सुरपन नदी के किनारे बसे पर्यटक स्थल सीतारपटन में मड़ई के पहले दिन आस्था, परंपरा और मेले का अनूठा संगम देखने को मिला।
मड़ई के पहले दिन अंजनिया, दिवारा, नारा, मांद सहित आसपास के गांवों से यादव समाज के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे और पूजा-अर्चना के बाद मड़ई स्थल पर चंडी ब्याही। पहले दिन अहीरों के मंत्रोच्चारण से पूरा मेला परिसर गूंज उठा और चंडी पूजा के उपरांत छहौर का विसर्जन भी किया गया। बताया गया कि जिन स्थानों की मड़ई संपन्न हो चुकी है, वहां भी अहीरों द्वारा छहौर विसर्जन किया गया है। मड़ई स्थल के समीप स्थित वाल्मीकि मंदिर आश्रम में अखंड रामधुन का आयोजन भी चल रहा है, जिसमें आसपास के गांवों की कीर्तन मंडलियां शामिल हो रही हैं।
बाहरी व्यापारियों की दुकानें, गर्म कपड़ों व झूलों पर उमड़ी भीड़
क्षेत्र की सबसे बड़ी मड़ई, मेले में शुमार सीतारपटन मेले में स्थानीय ग्रामीणों व व्यापारियों के साथ जबलपुर, कवर्धा और सिवनी सहित अन्य स्थानों से आए व्यापारियों ने भी दुकानें सजाई हैं। आगामी दिनों में बढ़ती ठंड को देखते हुए लोगों ने गर्म कपड़ों और कंबलों की जमकर खरीदारी की, वहीं जंपिंग व इलेक्ट्रिक झूलों पर भी लोगों की खासी भीड़ उमड़ी। अगले दो दिनों तक मड़ई के पूरे शबाब पर रहने और दूसरे दिन अधिक भीड़ पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
पौराणिक मान्यताएं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सुरपन नदी के तट पर स्थित सीतारपटन में प्राचीन मंदिर होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु मन्नतें लेकर पहुंचते हैं। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार यह स्थान महर्षि वाल्मीकि के आश्रम, रामायण की रचना तथा लव-कुश के जन्म से जुड़ा माना जाता है, वहीं माता सीता के सुरपन नदी से जल लाते समय फिसलने की लोककथा के कारण इसका नाम सीतारपटन प्रचलित हुआ। बड़े आयोजन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और अंजनिया पुलिस बल द्वारा अंजनिया, हिरदेनगर व बोकर मार्गों से आने-जाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।










