उड़ान 2026′ में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की छटा
अंतरिक्ष से लेकर संस्कृति तक के दिखे रंग
- कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने छात्रों को किया प्रेरित
- हनुमान चालीसा एक्रोबैटिक्स और ‘तिरंगा ऑन स्पेस’ रहे आकर्षण का केंद्र
मंडला महावीर न्यूज 29| शहर की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था ब्रेन चाइल्ड एकेडमी का वार्षिक उत्सव ‘उड़ान 2026’ अत्यंत भव्यता और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस समारोह में छात्रों ने सांस्कृतिक, धार्मिक और देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कलेक्टर ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडला कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा (IAS) ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने छात्रों और अभिभावकों को जीवन में सफलता के गुर सिखाते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। सरस्वती वंदना और ‘भजन जामिंग’ की मधुर प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम ने गति पकड़ी।

विविधतापूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
समारोह के दौरान मंच पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियाँ दी गईं:
- श्रद्धांजलि: स्वर कोकिला स्व. लता मंगेशकर और अभिनेता स्व. धर्मेंद्र जी की जीवन यात्रा पर आधारित नृत्यों ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
- सांस्कृतिक धरोहर: ‘इन्क्रेडिबल इंडिया’ थीम पर भारत की विविधता और शास्त्रीय नृत्य की कलात्मकता को बखूबी दर्शाया गया।
- रोमांच और भक्ति: हनुमान चालीसा पर आधारित एक्रोबैटिक्स ने सभी को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। वहीं एनएसजी ऑपरेशन्स के प्रदर्शन ने रोमांच भर दिया।
- मुख्य आकर्षण: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘नरसिंह अवतार’ जैसे नृत्य नाटकों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
यादें और आधुनिक भारत का गौरव
विज्ञापन जगत के दिग्गज पीयूष पांडे के कार्यों को विज्ञापनों के जरिए प्रस्तुत कर अभिभावकों के बचपन की यादें ताजा की गईं। कार्यक्रम का शानदार समापन वायु सेना पायलट शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा पर आधारित “तिरंगा ऑन स्पेस स्टेशन” एक्ट के साथ हुआ, जिसने सभी में देशभक्ति का जज्बा भर दिया।
इनका रहा विशेष योगदान
आयोजन को सफल बनाने में एकेडमी के निर्देशक निशांत शुक्ला, प्रिंसिपल डॉ. दिव्या शुक्ला, सीनियर कोऑर्डिनेटर सोनिया जैन और राजुल सिंहानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने बच्चों के प्रदर्शन की मुक्त कंठ से सराहना की।












