नियमों के उल्लंघन और 20 बिना नंबर प्लेट वाहनों पर कार्रवाई

नियमों के उल्लंघन और 20 बिना नंबर प्लेट वाहनों पर कार्रवाई

  • बस स्टैंड क्षेत्र में बढ़ती भीड़ के चलते अस्थाई पुलिस व्यवस्था और रात्रिकालीन पेट्रोलिंग शुरू
  • शहर में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने विशेष अभियान

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में और पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के नेतृत्व में बुधवार को शहर की कानून एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक व्यापक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा और यातायात प्रभारी ललित धुर्वे के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस बल ने रेडक्रॉस चौराहा, बस स्टैंड परिसर, चौपाटी क्षेत्र और चिलमन चौक जैसे अधिक यातायात दबाव वाले क्षेत्रों को लक्षित किया।अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाई साइलेंसर, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग जैसे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। समझाइश देने के साथ ही 20 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई और मौके पर ही नियमानुसार नंबर प्लेटें लगाई गईं। अनियमित पार्किंग कर मार्ग अवरुद्ध करने वाले चालकों को भी सख्त हिदायत दी गई।इसके साथ ही पुलिस टीम ने शहर के संवेदनशील स्थानों पर शराब बिक्री और सट्टा-जुआ जैसी अवैध गतिविधियों की आशंका वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। बस स्टैंड क्षेत्र में बढ़ती भीड़ और यातायात की समस्याओं को देखते हुए वहां अस्थाई पुलिस व्यवस्था स्थापित करते हुए दो पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। इसके साथ ही रात्रिकालीन पेट्रोलिंग भी बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।


 

Leave a Comment