मनरेगा फंड का गबन-खम्हरिया पंचायत में बिना निर्माण किए 3.29 लाख का भुगतान
- खेल मैदान कागजों में बना, फर्जी कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र पर कर दिया भुगतान
- सरपंच-सचिव और मनरेगा विभाग पर संदेह
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत घुघरी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खम्हरिया में मनरेगा की राशि के बड़े दुरुपयोग और भ्रष्टाचार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मौके पर कोई निर्माण कार्य न होने के बावजूद खेल मैदान के नाम पर 3 लाख 29 हज़ार रुपये की शासकीय राशि का भुगतान एक निजी फर्म को कर दिया गया। इस गबन के मामले ने सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और मनरेगा फंड की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत के रिकॉर्ड में आदर्श ट्रेडर्स नामक एक फर्म को ककनू प्राथमिक शाला के पास खेल मैदान निर्माण के लिए यह राशि दी गई। इस पूरे फर्जीवाड़े का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि जनपद पंचायत घुघरी के मनरेगा विभाग ने बिना भौतिक सत्यापन किए ही कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र जारी कर दिया, जिसके आधार पर ठेकेदार फर्म आदर्श ट्रेडर्स के खाते में यह बड़ी राशि सीधे ट्रांसफर की गई।
ग्रामीणों ने कहा जमीन पर नहीं रखी एक भी ईंट
स्थानीय सूत्रों और ग्रामीणों ने इस भ्रष्टाचार की पुष्टि की है। ग्रामवासी तिवारी लाल यादव ने बताया कि हमारे इधर कोई खेल मैदान नहीं बना है, ना ही हमने कभी निर्माण होते देखा है। वहीं सुखदेव सिंह ककनू ने कहा कि पता ही नहीं चलता कौन सा काम कब हो जाते हैं, यहां पर कोई भी खेल मैदान नहीं बना है, मात्र यहां पर स्कूल बस है। ग्रामीणों ने बताया कि जिस स्थान पर खेल मैदान बनना था, वहाँ जमीन पर कोई कार्य शुरू ही नहीं किया गया।
विभागीय मिलीभगत पर संदेह
आरोप है कि इस पूरे वित्तीय गबन में ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव की सक्रिय मिलीभगत है। उन्होंने नियमों को ताक पर रखकर, बिना कार्य के ही ठेकेदार फर्म को भुगतान कराया। मनरेगा विभाग द्वारा बिना भौतिक सत्यापन के ही सीसी जारी करना, विभागीय अधिकारियों की भूमिका पर भी गंभीर संदेह खड़ा करता है।
जांच की मांग
इस गबन का मामले के सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है। जनप्रतिनिधियों ने भी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि फर्जी तरीके से भुगतान की गई 3.29 लाख की राशि ठेकेदार और दोषियों से तत्काल वसूल की जाए। दोषी पाए जाने वाले सरपंच, सचिव और जनपद पंचायत, मनरेगा विभाग के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाए।
इनका कहना है
आपके द्वारा मुझे जानकारी प्राप्त हुई है यदि बिना कार्य हुए शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया है उसकी जांच होते हुए कार्रवाई होनी चाहिए
सिहारे लाल करचाम, जनपद उपाध्यक्ष घुघरी
मेरे जनपद क्षेत्र में यदि इस प्रकार से भ्रष्टाचार हुआ है तो उस पर जांच करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।
नीरज मरकाम, क्षेत्रीय जनपद सदस्य एवं भाजपा नेता
यदि इस प्रकार से शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया है और निर्माण नहीं हुआ है तो इस पर जांच होनी चाहिए एवं सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
अरविंद कुशराम, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घुघरी
हमारे गांव में अभी तक कोई खेल मैदान नहीं बना है, और ना ही हमने कभी निर्माण कार्य होते देखा है, खेल मैदान का तो पता नहीं कागजों में बन गया है।
तिवारी लाल यादव, ककनू, ग्रामवासी











