गैस सिलेंडर ब्लास्ट से दहला निवास चकदेही

गैस सिलेंडर ब्लास्ट से दहला निवास

  • चकदेही गांव में खाना बनाते समय फटा सिलेंडर
  • महिला 27 प्रतिशत झुलसी
  • रेगुलेटर की आग बुझाना पड़ा महंगा
  • सिलेंडर फटने से 44 वर्षीय महिला झुलसी, अस्पताल में भर्ती

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के ग्राम चकदेही के एक घर पर खाना बनाते समय एक बड़ा हादसा हो गया। एचपी गैस का सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे एक 44 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलस गई। झुलसी हुई महिला को तत्काल निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी अनुसार यह घटना चकदेही गांव की है। जहां दुर्गा बाई यादव पति जमुना प्रसाद लगभग 44 वर्ष अपने घर की रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान एचपी गैस के सिलेंडर के रेगुलेटर में अचानक आग लग गई। महिला ने अपनी सूझबूझ से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान सिलेंडर ब्लास्ट हो गया।

परिजनों ने बुझाई आग 

सिलेंडर फटने के बाद महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन तुरंत रसोई की ओर दौड़े। उन्होंने सबसे पहले कंबल के कपड़े डालकर सिलेंडर की आग को बुझाया और तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पायलट आशीष धुर्वे और ईएमटी गजेन्द्र अहिरवार की टीम मौके पर पहुंची और झुलसी महिला दुर्गा बाई यादव को तुरंत निवास सीएचसी में लाकर भर्ती कराया।

महिला 27 प्रतिशत झुलसी 

निवास बीएमओ डॉ. विजय पेगवार ने बताया कि महिला लगभग 27 प्रतिशत झुलसी है और उसका उपचार किया जा रहा है। गंभीर रूप से झुलसी महिला की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना की जानकारी निवास पुलिस को भी दे दी गई है, जिन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे



 

Leave a Comment