जुआ पर महाराजपुर पुलिस की कार्रवाई, 6 जुआरी गिरफ्तार
- रामबाग में जुआ खेलते 6 व्यक्ति धराए, मौके से 10 हजार 700 नगद जब्त
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशन में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे सतत अभियान के तहत थाना महाराजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बताया गया कि थाना महाराजपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रामबाग में झूला पुल के पास रोड किनारे एक खेत में कुछ व्यक्ति ताश के पत्तों पर अवैध रूप से रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम का गठन कर तत्काल मौके पर दबिश दी गई। घेराबंदी करते हुए पुलिस ने मौके से 06 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी अनुसार पुलिस ने मौके से जुआरियों के पास से नगदी 10 हजार 700 रूपए सहित ताश पत्तों का एक सेट, मोमबत्ती और चार्जिंग बल्ब जैसी अन्य सामग्री जब्त की। सभी 06 आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुकल सिंह सैय्याम 29 वर्ष, बुजबुजिया, अभिषेक निखर 30 वर्ष, वार्ड 18 छोटी खैरी, राहुल पटेल 34 वर्ष, वार्ड 03 रंगरेज घाट, जितेन्द्र बैरागी 28 वर्ष, बड़ी खैरी, विक्रांत बरमैया 32 वर्ष, ग्राम रामबाग, दुर्गेश नंदा 30 वर्ष, वार्ड 04 महात्मा गांधी वार्ड है। इस सफल कार्रवाई को निरीक्षक डॉ. जयसिंह यादव, उप निरीक्षक लक्ष्मीचंद बिसेन सहित पुलिस टीम के आरक्षकों द्वारा अंजाम दिया गया।









