3 माह में ए ग्रेड में आएंगे नारायणगंज के 189 स्कूल

मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय पहल-3 माह में ए ग्रेड में आएंगे नारायणगंज के 189 स्कूल

  • मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय कार्यक्रम से नारायणगंज के स्कूलों का कायाकल्प
  • छात्रों में घटाई जाएगी ड्रॉपआउट दर
  • बीईओ डीके सिंगौर की मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय पहल

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के विद्यालयों को सुसज्जित बनाने और छात्रों के लिए बेहतरीन पठन-पाठन का वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से विकासखंड शिक्षा अधिकारी डीके सिंगौर ने एक अभिनव पहल की है। बीईओ और विकासखंड स्रोत समन्वयक के संयुक्त प्रयासों से मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय नामक एक विशेष कार्यक्रम डिजाइन किया गया है, जिसके तहत विकासखंड के सभी 189 विद्यालयों को तीन माह के भीतर ए ग्रेड में लाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है।जानकारी अनुसार कार्यक्रम के पहले चरण में प्राथमिक, माध्यमिक और एकीकृत शालाओं को शामिल किया गया है, जिसे जल्द ही हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और छात्रावासों तक भी विस्तारित किया जाएगा। बताया गया कि विद्यालयों के कायाकल्प को एकरूपता देने के लिए मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय कार्यक्रम में 10 मानदंडों को आधार बनाया गया है, जिसके लिए कुल 100 अंक निर्धारित किए गए हैं। इन मानदंडों में प्रमुख रूप से विद्यालय भवन का रखरखाव व रंगरोगन, स्वच्छता, पेयजल एवं हैंड वॉश सुविधा, मिड-डे मील की गुणवत्ता, बच्चों और शिक्षकों की उपस्थिति, बच्चों का शैक्षणिक स्तर, सहायक शिक्षण सामग्री का उपयोग और पाठ्य सहगामी क्रियाएं शामिल हैं। बताया गया कि रेटिंग का जिम्मा बीएसी और जन शिक्षकों को सौंपा गया है, जिसकी निगरानी जन शिक्षा केंद्र प्रभारी, संकुल प्राचार्य, बीआरसी और बीईओ द्वारा लगातार की जाएगी। जनपद पंचायत की शिक्षा स्थाई समिति भी इस प्रक्रिया में सहयोग करेगी।

तत्काल दिख रहे परिणाम 

कार्यक्रम की घोषणा और सतत बैठकों के फलस्वरूप इसके सकारात्मक परिणाम तत्काल सामने आने लगे हैं। जन शिक्षक, संस्था प्रमुख और शिक्षक अपने विद्यालयों को सुंदर बनाने के लिए एक प्रतियोगिता की भावना के साथ जुट गए हैं। जिन विद्यालयों में पुताई और रंगरोगन नियमित नहीं होता था, वे अब इन कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं। कार्यक्रम की प्रथम रेटिंग में 189 विद्यालयों में से 46 ई ग्रेड और 82 डी ग्रेड में थे, जबकि 47 सी और 13 बी ग्रेड में थे। हालांकि पहली ही रेटिंग में माध्यमिक शाला सिकोसी ने ए ग्रेड हासिल करके बड़ी सफलता प्राप्त की। सिकोसी शाला को 13 नवंबर की शिक्षा स्थाई समिति की बैठक में सम्मानित किया जाएगा।

ड्रॉपआउट रोकने के लिए खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां 

बीईओ डीके सिंगौर ने बताया कि कमजोर शैक्षणिक प्रदर्शन से बच्चों में हीन भावना आती है, जिससे विद्यालय में उनका ठहराव कम हो जाता है और वे ड्रॉपआउट कर जाते हैं। इस समस्या से निपटने के लिए, बच्चों की खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को अवसर देने के लिए विकासखंड के प्रत्येक संकुल में संकुल स्तरीय खेल, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। संकुल स्तर पर अव्वल आने वाले प्रतिभागियों को ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में अवसर दिया जाएगा। बीईओ ने बताया कि यह कार्यक्रम भारत सरकार की आकांक्षी ब्लॉक योजना में शामिल नारायणगंज ब्लॉक के लिए महत्वपूर्ण है, जिसके 11 इंडिकेटर्स में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। बीआरसी कमलेश भवेदी ने उम्मीद जताई कि यह कार्यक्रम बच्चों की विद्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित कराएगा और ड्रॉपआउट को रोकने में सहायक होगा।



 

Leave a Comment