होटल, ढाबा संचालकों ने सीखी जीवन रक्षक तकनीक

गोल्डन आवर बचाएगा जान

  • होटल, ढाबा संचालकों ने सीखी जीवन रक्षक तकनीक
  • मंडला पुलिस ब्लैक स्पॉट पर चला रही है सीपीआर और प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण अभियान
  • यातायात पुलिस और मेडिकल टीम ने घायलों की सहायता के सिखाए गुर

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में मंडला पुलिस द्वारा जन सुरक्षा पहल शुरू की है। जिले के ब्लैक स्पॉट एवं हाईवे के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान जनहानि को कम करने के उद्देश्य से प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में यातायात पुलिस के अधिकारियों और जिला अस्पताल की मेडिकल टीम ने सक्रिय भागीदारी की। उन्होंने होटल-ढाबा संचालकों, स्थानीय दुकानदारों एवं आम नागरिकों को दुर्घटना के समय घायलों की सहायता करने की सही तकनीक और प्राथमिक उपचार देने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दीबताया गया कि प्रशिक्षण का मुख्य फोकस गोल्डन आवर के महत्व पर रहा। विशेषज्ञों ने बताया कि दुर्घटना के बाद का यह शुरुआती एक घंटा जीवन बचाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, और इस दौरान समय पर दिया गया प्राथमिक उपचार किसी भी घायल व्यक्ति की जान बचा सकता है। कार्यक्रम के दौरान दुर्घटना स्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने, रक्तस्राव रोकने के उपाय, घायल को सुरक्षित स्थिति में रखने और आपातकालीन नंबर 108, 112 पर सूचना देने की सही प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। इस जागरूकता अभियान को सूबेदार योगेश राजपूत, आरक्षक आशीष मरकाम, पुष्पराज, प्रियांशु और मेडिकल टीम से नर्मदा यादव और प्रदीप बर्मन द्वारा संचालित किया गया।



 

Leave a Comment