अमेरिका गए थे पूर्व मंडल अध्यक्ष, घर पर चोरों का धावा
- पिपरिया में भाजपा नेता के घर लाखों की चोरी की आशंका
- पुलिस की जांच शुरू, निवास थाना प्रभारी ने बुलाया फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड
- सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चोरी की बड़ी वारदात हुई है। अज्ञात चोरों ने भाजपा नेता एवं निवास मंडल के पूर्व अध्यक्ष यतीन्द्र मोहन विश्वकर्मा के बंद घर को निशाना बनाया। घटना के वक्त विश्वकर्मा परिवार अपने छोटे बेटे से मिलने अमेरिका गए हुए थे।

जानकारी अनुसार रविवार सुबह पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा और दरवाजा खुला देखा, जिसके बाद तुरंत निवास पुलिस और जबलपुर में रह रहे यतीन्द्र मोहन के बड़े बेटे को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वर्षा पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान घर में अलमारियां खुलीं और सामान बिखरा हुआ मिला। पुलिस ने मौके पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड को बुलाया है।
बताया गया कि प्रारंभिक जांच में अलमारी से कीमती मंगलसूत्र सहित कुछ आभूषण गायब होने की आशंका है। थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी गए सामान का सटीक ब्योरा परिवार के लौटने के बाद ही मिल सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे










