कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं को किया जागरूक, दी अपराधों से सुरक्षा पर जानकारी
- डीएसपी (महिला सुरक्षा) के नेतृत्व में जिले भर में बाल सुरक्षा और साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. ऑपरेशन मुस्कान अभियान के अंतर्गत गुमशुदा अवयस्क बच्चों की शीघ्र एवं सुरक्षित दस्तयाबी, बाल अधिकार, बाल सुरक्षा एवं साइबर अपराध से बचाव के लिए मंडला जिला पुलिस द्वारा सतत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी के अंतर्गत डीएसपी (महिला सुरक्षा) मंडला के नेतृत्व में सेवा भारती छात्रावास में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबर, साइबर सुरक्षा एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
बताया गया कि थाना मंडला द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत रपटा घाट मंडला में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं को ऑपरेशन मुस्कान, बच्चों के अधिकार, बाल सुरक्षा और बाल अपराधों से बचाव, साइबर क्राइम के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान कर जागरूक किया गया। इसी तरह थाना प्रभारी महाराजपुर द्वारा संगमघाट क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में नागरिकों को ऑपरेशन मुस्कान के उद्देश्य, गुमशुदा बच्चों की त्वरित दस्तयाबी की प्रक्रिया व साइबर फ्रॉड से बचाव संबंधी सावधानियों से अवगत कराया गया।
थाना नैनपुर द्वारा बालिका छात्रावास नैनपुर में कक्षा 9वीं से 12वीं की लगभग 60 छात्राओं को बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा, गुड-टच, बैड-टच एवं हेल्पलाइन नंबर संबंधी जानकारी दी गई। इसके साथ ही थाना बिछिया द्वारा घुटास बीट में एवं थाना घुघरी द्वारा ग्राम कंडरा में ग्रामीण नागरिकों, अभिभावकों और महिलाओं को बच्चों की सुरक्षा, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने एवं रोकथाम उपायों पर जागरूक किया गया।









