वोकल फॉर लोकल
- भोपाल में छाया मंडला का कृषि समूह, मेले में मिलेट्स उत्पादों का प्रदर्शन
- मुख्यमंत्री ने किया राज्य स्तरीय आयोजन का समापन
- स्थापना दिवस मेले में मंडला के स्वदेशी उत्पादों की धूम
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर स्वदेशी उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए राज्य स्तरीय आयोजन राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में विगत दिवस आयोजित किया गया। इस मेले में वोकल फॉर लोकल को प्रोत्साहित करते हुए मंडला जिले के समूहों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। बताया गया कि उप संचालक किसान कल्याण व कृषि विकास विभाग के मार्गदर्शन में मंडला के बिछिया ब्लॉक के ग्राम उमरवाड़ा से रानी दुर्गावती शहद स्व सहायता समूह की कृष्णा मार्को एवं गीता नेटी ने जिले का प्रतिनिधित्व किया।
जानकारी अनुसार भोपाल में आयोजित इस तीन दिवसीय मेले में मंडला के समूहों द्वारा विशेष रूप से मिलेट्स (मोटे अनाज) आधारित उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया गया। इनमें कोदो, कुटकी, मिलेट्स लड्डू, शहद, रागी, मक्का और ज्वार का आटा मुख्य रूप से शामिल था।
शहरी ग्राहकों को मिला जानने का मौका
मंडला के प्रतिनिधित्व में सेंटर ऑफ डिस्कवरी फॉर विलेज डेवलपमेंट संस्था के डायरेक्टर निशार कुरैशी भी विशेष रूप से सहभागी बने। उन्होंने बताया कि इस तीन दिवसीय मेले के माध्यम से वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा दिया गया, जिससे शहरी ग्राहकों को मंडला के विभिन्न प्राकृतिक और स्वदेशी उत्पादों को जानने व खरीदने का मौका मिला। इस आयोजन को सफल बनाने में विभाग की तरफ से नोडल अधिकारी प्रताप सिंह पटले का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
अभ्युदय मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम, ऐतिहासिक विषयों पर नाट्य मंचन और ड्रोन से आसमान पर बेहतरीन प्रदर्शन किया गया, जिसमें मध्यप्रदेश के विशेष कार्यों को दर्शाया गया। प्रदेश भर से आए लोक नृत्य समूहों ने शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। राज्य स्तरीय मेले का समापन प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा किया गया।









