तीन दिवसीय अनोखी मड़ई में दूर-दराज से पहुंचे व्यापारी, चंडी पूजा की तैयारी
- मड़ई में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पुलिस विभाग ने लगाए बैरियर
- दो दिन पहले झूले-दुकानों का किया निरीक्षण, उमड़ेगा जनसैलाब
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज क्षेत्र की सबसे बड़ी मड़ई का आयोजन आज बुधवार से शुरू होगा, जो तीन दिनों तक चलेगा। इस तीन दिवसीय आयोजन में दूर-दराज के व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं, जिसके चलते यहाँ भारी भीड़ बनी रहती है। बताया गया कि यह मड़ई अपने धार्मिक महत्व के लिए भी प्रसिद्ध है। इस अवसर पर चारों दिशाओं से मड़ई में चंडी लेकर लोग पहुंचते है और चंडी पूजन का भव्य आयोजन किया जाता है, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पंडा-पुजारी शामिल होते हैं। इस चंडी पूजन समारोह के बाद ही मड़ई विधिवत रूप से भरती है और मेले की रौनक बढ़ जाती है।
जानकारी अनुसार मड़ई की तैयारियों के लिए खेल-खिलौने की दुकान, झूले, डांस और सर्कस वाले लगभग एक सप्ताह पहले ही यहाँ पहुँच चुके हैं। इन गतिविधियों के कारण अगले तीन दिनों तक मेले में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। आयोजन के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखने और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस विभाग द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चारों तरफ रोड में बैरियर की व्यवस्था की गई है और बाहर से अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी बुलाई गई है।
सुरक्षा की दृष्टि से किया निरीक्षण
पुलिस विभाग और पंचायत द्वारा दो दिन पहले ही दुकानदारों एवं झूला संचालकों की सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया गया था। इस दौरान थाना टिकरिया टीआई गोपाल घौसले, खैरी सरपंच शांति बाई परस्ते, उप सरपंच दीपक सोनी, सचिव अनिल शर्मा, पड़रिया सरपंच राजकुमार तेकाम, सचिव अभिषेक शर्मा, उप सरपंच विवेक सोनी और पंच सुरेंद्र सोनी और राम कुमार साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।









