मवई में दम तोड़ रही स्वास्थ्य व्यवस्था

मवई में दम तोड़ रही स्वास्थ्य व्यवस्था, स्टाफ की कमी से ग्रामीण बेहाल

  • लचर स्वास्थ्य सेवाओं और अव्यवस्था के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस करेगी बड़ा आंदोलन

मंडला महावीर न्यूज 29. वनांचल क्षेत्र मवई की स्वास्थ्य व्यवस्था दिनोंदिन बदतर होती जा रही है। अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सों और अन्य जरूरी स्टाफ की भारी कमी के कारण ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी ज्वलंत समस्या को देखते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मवई ने घोषणा की है कि यदि शीघ्र ही स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो कांग्रेस जनआंदोलन करने को मजबूर होगी।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष रानू हरदहा ने बताया कि विगत कई वर्षों से पार्टी और स्थानीय लोग मवई स्वास्थ्य केंद्र में रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरने, महिला डॉक्टर की पदस्थापना करने और पर्याप्त दवाइयों की व्यवस्था करने की लगातार मांग करते आ रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। बताया गया कि कांग्रेस नेताओं ने स्वास्थ्य केंद्र की लापरवाही को उजागर करते हुए हाल ही की दो गंभीर घटनाओं का जिक्र किया।

उन्होंने बताया कि हाल ही में रमतिला निवासी श्याम की बीपी बढ़ जाने पर मवई स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार न मिलने से मृत्यु हो गई। आरोप है कि बीपी जैसी सामान्य बीमारी की दवा तक अस्पताल में उपलब्ध नहीं थी। आगे बताया गया कि विगत 22 अक्टूबर को रतन सिंह बैगा की पानी में डूबने से हुई मृत्यु के बाद पोस्टमार्टम के लिए परिवार से पैसे वसूलने की शिकायत सामने आई थी। कांग्रेस ने पीडि़त परिवार से मुलाकात कर प्रशासन से इस मामले की जांच की मांग की है।

स्वास्थ्य केन्द्र की गंभीर समस्याएं 

बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मवई में स्वीपर नहीं होने के कारण पोस्टमार्टम कराने में हमेशा देरी होती है, घंटों परिजनों को इंतजार करना पड़ता है। स्वास्थ्य केंद्र में स्वीपर नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पोस्टमार्टम के लिए दो-दो दिन तक भी इंतजार करना पड़ता है। वहीं केंद्र में डेड बॉडी रखने के लिए फ्रीजर की सुविधा भी नहीं है, जिससे गरीब परिवारों को निजी वाहन और पैसे की व्यवस्था करनी पड़ती है। इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में महिला डॉक्टर का पद स्वीकृत होने के बावजूद पदस्थापना नहीं की गई है। इस कारण महिलाओं को छोटे-मोटे उपचार के लिए भी 100 किलोमीटर दूर मंडला या बिछिया जाना पड़ता है।

कांग्रेस की चेतावनी 

इन सभी समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने 6 अक्टूबर 2025 को कलेक्टर मंडला को ज्ञापन भी सौंपा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष रानू हरदहा ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और प्रशासन ने इस समस्या पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया तो कांग्रेस पार्टी जनआंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से आंदोलन में भाग लेकर वनांचल की आवाज बुलंद करने की अपील की है।



 

Leave a Comment