मंडला में एनएच-30 पर रफ्तार का कहर
- कटरा बायपास के पास बस की टक्कर से एक युवक की मौत
- दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल, बस चालक फरार
मंडला महावीर न्यूज 29. सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 पर कटरा बायपास के समीप देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना तब हुई, जब तीनों युवक शनिवार की रात मड़ई से अपने गांव लौट रहे थे।
जानकारी अनुसार अचली सेमरखापा निवासी तीन युवक नीलेश उर्फ नीलू चक्रवर्ती (18), मोनू यादव (17) और शिवराज मरावी (18) एक ही बाइक पर सवार होकर घर वापस आ रहे थे। इसी दौरान कटरा बायपास के पास उनकी बाइक एक तेज रफ्तार बस से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 18 वर्षीय नीलेश उर्फ नीलू चक्रवर्ती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित घटना स्थल से फरार हो गया।
दुर्घटना में घायल हुए मोनू यादव और शिवराज मरावी को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। रविवार को पोस्टमार्टम के उपरांत मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है, साथ ही फरार बस चालक की तलाश भी की जा रही है।









