मंडला पुलिस ने सिखाए बाल अपराधों से बचाव के उपाय
- हाई स्कूल छात्रों से लेकर ग्रामीणजनों तक पहुंची जागरूकता
- गुमशुदा बच्चों की सुरक्षित दस्तयाबी व बाल सुरक्षा पर दिया फोकस
- ऑपरेशन मुस्कान-मंडला पुलिस ने छेड़ा जन-जागरूकता अभियान
- तीन थाना क्षेत्रों में बाल सुरक्षा पर दी जानकारी
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी ऑपरेशन मुस्कान अभियान को गति देते हुए मंडला पुलिस ने जिलेभर में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य गुम हुए अवयस्क बालक, बालिकाओं की शीघ्र एवं सकुशल दस्तयाबी सुनिश्चित करना है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें पुलिस ने समुदाय के विभिन्न वर्गों को बाल सुरक्षा और अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
जानकारी अनुसार पुलिस टीम ने रपटा घाट में महिलाओं को केंद्रित करते हुए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां उपस्थित महिलाओं को ऑपरेशन मुस्कान, बच्चों के अधिकार, बाल सुरक्षा, बाल अपराधों से बचाव, और बढ़ते साइबर अपराधों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान कर जागरूक किया गया। इसके साथ ही ग्राम सिंगापुर सिमैया में आयोजित ग्यारस मेले के दौरान पुलिस ने एक विशेष सत्र रखा। इसमें विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए बालक-बालिकाओं तथा ग्रामीण जनों को नाबालिग बच्चों के गुम होने से बचाव और सतर्कता संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
सुरक्षा उपाए की दी जानकारी
बीजाडांडी पुलिस ने हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से लक्षित किया। यहां विशेष अभियान मुस्कान के अंतर्गत बाल-बालिकाओं के साथ होने वाली संभावित घटनाओं, उनकी रोकथाम, सतर्कता एवं सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, जिससे वे स्वयं की सुरक्षा के प्रति सजग रहें। पुलिस का यह निरंतर जागरूकता अभियान गुमशुदा बच्चों को ढूंढने के साथ-साथ बाल अपराधों को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।










