देवउठनी ग्यारस पर बाल विवाह मुक्त समाज का लिया संकल्प
- देवउठनी ग्यारस पर बाल विवाह रोकथाम अभियान का शुभारंभ, दिलाई शपथ
- तीन स्कूलों की छात्राओं ने ली शपथ, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. महिला एवं बाल विकास परियोजना नारायणगंज द्वारा देवउठनी ग्यारस के पावन अवसर पर बाल विवाह रोकथाम अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान क्षेत्र के तीन प्रमुख विद्यालयों संदीपनी विद्यालय टिकरिया, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और बजरंग उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बावलिया में आयोजित किया गया।
बताया गया कि अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में विचार संगोष्ठी, शपथ पत्र हस्ताक्षर, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने इन गतिविधियों में हिस्सा लिया और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को खत्म करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान परियोजना अधिकारी द्वारा छात्राओं को बाल विवाह के गंभीर दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने समाज को बाल विवाह मुक्त बनाने के महत्व को समझाया और इस दिशा में सहयोग करने के लिए सभी छात्राओं को शपथ दिलाई। इस अवसर पर आयोजित निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।
इनकी रही उपस्थिति
आयोजित जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षेत्रीय पर्यवेक्षक सविता पावले, रंजना दुबे, किरण सिंगरोरे, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शहनाज खान, नीलम मरावी, लक्ष्मी तेकाम, श्रद्धा पावले, मनीष सोनी एवं तीनों विद्यालयों के शिक्षकों का सहयोग सराहनीय रहा।









