तेज रफ्तार का कहर, क्रेटा की टक्कर से तीन भाई-बहन गंभीर
- तीनों घायलों को जबलपुर रेफर करने की तैयारी
- पुलिस ने तेज रफ्तार कार चालक पर मामला दर्ज किया
- भीषण टक्कर में दूर छिटके घायल
मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी-मंडला मार्ग पर स्थित कन्ड्रा में एक भयावह सड़क दुर्घटना हुई। घुघरी से मंडला की दिशा में जा रही एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में छिवलाटोला निवासी एक ही परिवार के तीन भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी अनुसार दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल पर सवार छिवलाटोला, घुघरी के निवासी राहुल भवेदी (22 वर्ष), अनूप भवेदी (19 वर्ष) और उनकी बहन भावना भवेदी (17 वर्ष) कहीं जा रहे थे। बताया जा रहा है कि पिंडरई निवासी सोनी जी की यह क्रेटा कार अत्यंत तेज गति में थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों भाई-बहन मोटरसाइकिल समेत घटनास्थल पर ही दूर छिटक गए। उन्हें सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
बताया गया कि दुर्घटना के तुरंत बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को तुरंत संभाला और घुघरी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और पुलिस की मदद से तीनों गंभीर घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी में भर्ती कराया गया।
उनकी गंभीर हालत को देखते हुए, उन्हें बेहतर इलाज के लिए मंडला या जबलपुर रेफर किए जाने की संभावना है।
घुघरी थाना प्रभारी पूजा बघेल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाने वाले कार चालक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










