श्री गुरुनानक जयंती से पूर्व शहर में भक्तिमय माहौल
- सिंधी समाज द्वारा निकाली जा रही प्रभातफेरी, गुरु के जयकारों से गूंज उठे मुख्य मार्ग
- गुरुनानक जयंती की पूर्व संध्या पर सिंधी समाज द्वारा प्रभातफेरी का आयोजन, जगह-जगह जोरदार स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29. आगामी श्री गुरुनानक जयंती के अवसर पर भक्तिमय वातावरण बनाने और गुरु का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए सिंधी समाज द्वारा इन दिनों शहर में प्रभातफेरी का आयोजन किया जा रहा है। बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएँ और बच्चे इस आध्यात्मिक आयोजन में शामिल हो रहे हैं। प्रभातफेरी प्रतिदिन प्रात: काल 5 बजे अंबेडकर वार्ड स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होती है और शहर के मुख्य मार्गों और रहवासी क्षेत्रों में जाकर गुरु के जयकारों से गुंजायमान हो रही है।
बताया गया कि सामाजिक जनों द्वारा प्रभातफेरी का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया जा रहा है। परिवारों ने स्वागत में घरों के आंगन में रंगोली सजाई, घरों को लाइटिंग से सुसज्जित किया और दिए जलाकर एवं आतिशबाजी के साथ पुष्पमालाओं से स्वागत किया। प्रभातफेरी में श्री गुरुनानक देव की प्रतिमा के साथ संगत चलती है। शामिल संगत के द्वारा गुरु नानक देव जी की गुरबाणी एवं गुरु जयकारे लगाए जा रहे हैं, जो भक्ति का संदेश दे रहे हैं। स्वागत के दौरान परिवारजन अपने आराध्य देव श्री गुरु नानक देव जी की पूजा अर्चना करते हैं।
इस अवसर पर भाई साहब हरनाम उदासी द्वारा घरों में जाकर परिवारों की सुख-शांति और समृद्धि के लिए विशेष अरदास भी की जा रही है। प्रभातफेरी निर्धारित मार्ग से होते हुए पुन: श्री गुरुद्वारा साहिब में आरती, पूजा, अरदास एवं सभी परिवारों की सुख-शांति की कामना के साथ संपन्न होती है। प्रभातफेरी के समापन पर महाप्रसादी का वितरण किया जा रहा है।









