स्वास्थ्य सेवाओं में बाधा बन रहा अनाधिकृत अतिक्रमण

ठेलेवालों के अवैध कब्जे से राजीव कॉलोनी स्थित आरोग्य केंद्र का माहौल असहज

  • महिलाओं में असुरक्षा और रोष, ग्राम पंचायत को शिकायत सौंपने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
  • स्वास्थ्य सेवाओं में बाधा बन रहा अनाधिकृत अतिक्रमण
  • अशोभनीय टिप्पणियों से परेशान स्वास्थ्यकर्मी और लाभार्थी महिलाएं

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय की नजदीकी ग्राम पंचायत देवदरा के राजीव कॉलोनी झंडा चौक स्थित आरोग्य केंद्र के सामने सार्वजनिक भूमि पर ठेलेवालों का बढ़ता हुआ कब्जा न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित कर रहा है, बल्कि केंद्र आने-जाने वाली महिलाओं और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए खतरा भी बन गया है। आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत महिलाओं ने इस गंभीर मुद्दे पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ग्राम पंचायत देवदरा की सरपंच को लिखित शिकायत सौंपी थी। हालांकि एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से महिलाओं में गहरा रोष है।

जानकारी अनुसार ग्राम स्तर पर संचालित आरोग्य केंद्र मुख्य रूप से महिलाओं से जुड़ी योजनाओं का केंद्र होता है, जहाँ प्रतिदिन लाभार्थी महिलाएं बड़ी संख्या में पहुंचती हैं। शिकायतकर्ता महिलाओं का कहना है कि आसपास अनाधिकृत दुकानदारों और बैठे लोगों के कारण उन्हें अक्सर अशोभनीय टिप्पणियाँ सुनने को मिलती हैं, जिससे केंद्र के आसपास का माहौल असहज और असुरक्षित बना रहता है। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि इस अनाधिकृत कब्जे से केंद्र तक आने-जाने का मार्ग संकरा हो गया है।

भीड़भाड़ और अनाधिकृत व्यक्तियों की लगातार उपस्थिति से स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारु संचालन भी प्रभावित हो रहा है। बताया गया कि स्थानीय महिलाओं ने प्रशासन और जिला स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि वे इस अवैध कब्जे को तुरंत हटवाकर सार्वजनिक स्थान को मुक्त कराएं जिससे यहां महिलाओं को होने वाली असुविधा से मुक्ति मिल सके।



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles