कलयुगी बेटे का जघन्य कृत्य
- मां पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाला कलयुगी बेटा गिरफ्तार
- थाना प्रभारी पूजा बघेल के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई
- आरोपी कत्तू लाल यादव सलाखों के पीछे
मंडला महावीर न्यूज 29. पारिवारिक विवाद के चलते अपनी 60 वर्षीय मां के गर्दन पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाले कलयुगी बेटे कत्तू लाल यादव 38 वर्ष को घुघरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी अनुसार जानलेवा हमले की वारदात 27 अक्टूबर की रात लगभग 8 बजे घुघरी थाना क्षेत्र के लाटो के मुकद्दम टोला में हुई थी। आरोपी बेटे कत्तू लाल यादव ने किसी पारिवारिक विवाद के चलते अपनी मां भागवती पति किरनू यादव, 60 वर्ष पर कुल्हाड़ी से जानलेवा वार कर दिया। हमले में घायल मां भागवती अभी भी गंभीर अवस्था में अस्पताल में इलाजरत हैं। घटना की सूचना पर घुघरी थाना प्रभारी पूजा बघेल के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। आरोपी कत्तू लाल यादव के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 हत्या का प्रयास के तहत मामला दर्ज किया गया था।
बताया गया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद 29 अक्टूबर को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी पूजा बघेल के साथ सहायक उपनिरीक्षक चंदर लाल पट्टा, मिथलेश पटेल, और पवन सोनवानी का विशेष योगदान रहा।
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️









