शिक्षकों की क्रमोन्नति और एरियर भुगतान में लापरवाही
- कलेक्टर ने एसी को दिए नैनपुर बीईओ और बाबू को हटाने का निर्देश
- कलेक्टर ने एसी को तलब कर 21 नवंबर तक सभी लंबित भुगतान निपटाने के दिए सख्त आदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. जनजातीय कार्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर लंबे समय से परेशान शिक्षकों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को कलेक्टर सोमेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। अपाक्स एवं ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन सहित अन्य संगठनों के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि क्रमोन्नति, डीए एरियर, वेतनमान अनुमोदन और अन्य छोटे-बड़े कार्यों के लिए शिक्षकों को महीनों से कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और बिना सुविधा शुल्क के उनके काम नहीं हो रहे हैं।
अपाक्स जिलाध्यक्ष संजीव सोनी ने कलेक्टर को बताया कि जो शिक्षक सुविधा शुल्क देते हैं, उन्हें एरियर का भुगतान तुरंत हो जाता है, जबकि शेष शिक्षक पढ़ाई-लिखाई छोड़कर कार्यालयों की जी हुजूरी करने को मजबूर हैं। उन्होंने विशेष रूप से नैनपुर ब्लॉक में वेतन अनुमोदन, एरियर भुगतान में भेदभाव और पिछले तीन बार से डीए भुगतान अटके होने की जानकारी दी। शिक्षकों की समस्याओं को सुनकर कलेक्टर सोमेश मिश्रा उस समय हतप्रभ रह गए, जब उन्हें पता चला कि शिक्षकों को एक साल से अधिक समय से क्रमोन्नति एरियर का भुगतान नहीं हुआ है, जबकि सहायक आयुक्त मंडला ने उसी दिन सुबह सभी भुगतान पूर्ण होने की जानकारी दी थी।
कलेक्टर ने तत्काल सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता और मंडला बीईओ रंजीत गुप्ता को कलेक्ट्रेट में तलब किया। उन्होंने शिक्षकों के सामने ही दोनों अधिकारियों को 21 नवंबर तक सभी प्रकार के एरियर का भुगतान सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। जब अपाक्स जिलाध्यक्ष संजीव सोनी ने नैनपुर बीईओ सुभाष चंद्र चतुर्वेदी और बाबू अशोक यादव की लापरवाही और अनुभवहीनता के कारण बढ़ रही समस्याओं को रेखांकित किया, तो कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने तुरंत एक अनुभवी उच्च माध्यमिक शिक्षक का इंटरव्यू लिया और सहायक आयुक्त को उन्हें नैनपुर बीईओ के पद पर नियुक्त करने का निर्देश दिया।
कलेक्टर की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से उत्साहित शिक्षक संजीव दुबे, प्रकाश सिंगौर, शशिबाला राय, सीमा राहंगडाले, दीपा काड़वे, राजेश सिरसाम, राजेश पटेल, नीरज यादव, मनोज चौरसिया, सुरेश श्रीवास्तव, आशीष तिवारी, भुवनेश्वर धूमकेतु, सुरेश कुंजाम, हिम्मत सिंह मरकाम, गौतम सूर, बालाराम गोप, संतोष पुरी गोस्वामी, विजेंद्र वरकड़े, विस्नु भूमिया, पतिराम डिबरिया, लालसिंह भलावी, अमरसिंह चंदेला, भजन गवले, सनातन सैनी, संजीव सोनी ने जिला कलेक्टर को धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके साथ ही अपाक्स जिलाध्यक्ष ने सभी ब्लॉक पदाधिकारियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि तक भुगतान सुनिश्चित करने के लिए कार्यालयों में आवश्यक सहयोग करें।










