मंडला में विहिप का युवा संत चिंतन वर्ग

मंडला में विहिप का युवा संत चिंतन वर्ग

  • धर्मांतरण रोकने और हिंदू एकता पर जोर अब कोई हिंदुत्व की अवहेलना नहीं कर सकता-केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार

मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व हिंदू परिषद के तीन दिवसीय अखिल भारतीय युवा संत चिंतन वर्ग का शुभारंभ मंडला में हुआ। इस अवसर पर पूज्य संत नर्मदा नंद बापू महाराज, विहिप के केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार और संरक्षक दिनेश चंद मंचासीन रहे। केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने पूज्य संतों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विहिप के प्रयासों का यह परिणाम है कि आज देश का देशभक्त, जागरूक और स्वाभिमानी हिंदू गर्व से खड़ा हो रहा है।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए देश के 65 करोड़ लोगों ने उम्मीद से ज्यादा धन एकत्र किया, जिससे हिंदुत्व का गौरव बढ़ा है और अब कोई इसकी अवहेलना नहीं कर सकता। केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने धर्मांतरण को एक गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि विहिप ने 850 ऐसे गांवों की पहचान की है, जहां धर्मांतरण की जड़ें फैल रही हैं, और सभी मिलकर इसे रोकने तथा घर वापसी के प्रयास करेंगे। पूज्य संत नर्मदा नंद बापू जी महाराज ने युवा संतों से ईसाईकरण एवं इस्लामीकरण को रोकने और सनातन समाज को एकत्रित रखने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

विहिप संरक्षक दिनेश चंद ने संतों से शिक्षा के साथ संस्कार आधारित शिक्षा स्थापित करने और समाज में कर्तव्य बोध जाग्रत करने की भूमिका निभाने का आग्रह किया, ताकि भारत वैचारिक रूप से मजबूत बन सके। इस चिंतन वर्ग में देश के सभी 44 प्रांतों से 300 से अधिक प्रमुख युवा संत और पदाधिकारी शामिल हुए।


 

Leave a Comment