द ग्रेट खली 29 को मंडला में, युवा शक्ति संगम रक्तदान शिविर की पूरी तैयारी
- मंडला में पहली बार आ रहे खली, रक्तवीरों का करेंगे सम्मान
मंडला महावीर न्यूज 29. अंर्तराष्ट्रीय रेसलर द ग्रेट खली का 29 अक्टूबर को मंडला में पहली बार आगमन हो रहा है। द ग्रेट खली कटरा में आयोजित युवा शक्ति संगम रक्तदान शिविर कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। कार्यक्रम के संयोजक अजय वंशकार ने बताया कि इस आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। प्रात: 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होने वाले शिविर में लगभग 500 लोगों के रक्तदान करने का अनुमान है। द ग्रेट खली मंच से रक्तदाताओं से चर्चा करेंगे और उनका सम्मान भी करेंगे।
बताया गया कि युवाओं में खली के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट से भव्य स्वागत के साथ उन्हें मंडला लाया जाएगा। भारतीय सेवा विकास परिषद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को अनुशासन पूर्वक सफल बनाने के लिए व्यवस्था की गई है, जिसके तहत कार्यक्रम स्थल में केवल पास धारी व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में नजर आएंगे।









