पिकअप की टक्कर से युवती घायल
- एनएच 30 मार्ग में लगा रहा जाम, परेशान होते रहे यात्री
मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे 30 मार्ग में नारायणगंज के चिरईडोंगरी और मंगलगंज के बीच एक पिकअप वाहन ने एक 18 वर्षीय युवती को टक्कर मार दी। हादसे में युवती घायल हो गई। हादसे के बाद ग्राम के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए और हाईवे मार्ग में जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक हाईवे मार्ग में जाम लगा रहा। जिसके कारण मंडला से जबलपुर और जबलपुर से मंडला जाने वाले वाहनों के पहिए थम गए। यात्रियों को घंटो परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसे की जानकारी लगते ही टिकरिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला और जाम को खुलवाया गया।
जानकारी अनुसार नेशनल हाईवे 30 नारायणगंज मार्ग में चिरईडोंगरी और मंगलगंज के बीच एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन क्रमाक एमपी 51 जी 1846 ने ग्राम मंगलगंज निवासी शर्मीला बरकड़े पिता मंगल सिंह बरकड़े 18 वर्ष को टक्कर मार दी। हादसे में शर्मीला को चोटे आई है। हादसे के बाद तत्काल 108 एम्बुलेंस और टिकरिया पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस घटना स्थल पहुंची और घायल शर्मीला को तत्काल मंडला जिला चिकित्सालय उपचार के लिए ले जाया गया। जहां घायल शर्मीला का उपचार किया जा रहा है। फिलहाल घायल युवती की हालत ठीक बताई जा रही है।
बताया गया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे मार्ग जाम कर लिया। इस दौरान लोगों ने चिरईडोंगरी और मंगलगंज के बीच स्पीड ब्रेकर की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना था कि इस मार्ग से निकलने वाले छोटे, बड़े वाहन और भारी वाहन बेलगाम और तेज रफ्तार में निकलते है। जिसके कारण यहां आए दिन हादसे का अंदेशा बना रहता है। पहले भी इस मार्ग में कई सड़क हादसे हो चुके है। जिसमें कई लोगों की जान तक जा चुकी है। वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए इस मार्ग में स्पीड ब्रेकर बनाया जाना बेहत जरूरी है।
बताया गया कि नेशनल हाईवे मार्ग में जाम लगने के कारण यात्री काफी देर तक परेशान होते रहे। मौके पर पहुंची टिकरिया पुलिस ने लोगों को समझाईश दी और हाईवे पर लगे जाम को खुलवाया। वहीं पिकअप वाहन को टिकरिया पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।










