325 करोड़ की परियोजना धीमी, मंडला मेडिकल कॉलेज का सपना अधर में
- आठ माह बाकी, निर्माण अधूरा, आदिवासी अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं का इंतजार बढ़ा
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंडला जिले के आमनाला क्षेत्र में बन रहे मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य अपनी निर्धारित गति से काफी पीछे चल रहा है। सितंबर 2026 तक कॉलेज शुरू करने की डेडलाइन तय है, लेकिन केवल आठ महीने शेष होने के बावजूद भवन निर्माण अधूरा पड़ा है, जिससे बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का इंतजार लंबा होता जा रहा है।
जानकारी अनुसार 325 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत कॉलेज भवन और अधोसंरचना कार्य मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के सुपुर्द है। स्थानीय प्रशासन और प्रभारी मंत्री के निरीक्षण के बाद भी एजेंसी के अफसरों द्वारा निर्माण प्रगति पर ध्यान न दिए जाने के आरोप हैं, जिसके कारण काम की रफ्तार बेहद धीमी बनी हुई है।
तीन जिलों को मिलेगा लाभ
बताया गया कि मंडला मेडिकल कॉलेज खुलने से मंडला सहित बालाघाट और डिंडोरी जिलों के मरीजों को बेहतर उपचार मिलने की उम्मीद थी। एमबीबीएस की 150 सीटों वाले इस कॉलेज से न केवल स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार होना था, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेगे, लेकिन निर्माण में सुस्ती के चलते यह सपना अब तक अधूरा है। वर्ष 2019 में कॉलेज को मंजूरी मिली थी और 2023 में इसका भूमिपूजन हुआ था। वहीं आज दिनांक तक कॉलेज परिसर अधूरा है। आदिवासी बाहुल्य मंडला में जहां पहले से ही डॉक्टरों की कमी और दवाओं की अनुपलब्धता बनी हुई है, वहां मेडिकल कॉलेज की समय पर शुरुआत न हो पाना अब प्रशासनिक दृढ़ता की परीक्षा बन गया है।










