एकलव्य विद्यालय प्राचार्य को हटाने पर अड़ी गोंगपा, 17 से करेगी अनिश्चितकालीन धरना
- लचर प्रशासन के खिलाफ गोंगपा का हल्ला बोल
मंडला महावीर न्यूज 29. गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मंडला जिले के लचर प्रशासनिक व्यवस्था के विरोध में 17 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन पर उतरने का निर्णय लिया है। मंगलवार को निवास के विश्रामगृह में राष्ट्रीय प्रवक्ता राधेश्याम ककोडिय़ा की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में पार्टी ने अपनी छह सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन करने का ऐलान किया। पार्टी की मांगों में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पिपरिया की प्राचार्य को तत्काल हटाने के लिए गोंगपा कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन धरना देंगे।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राष्ट्रीय प्रवक्ता राधेश्याम ककोडिय़ा ने मंडला जिले की प्रशासन व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि लचर प्रशासन के कारण यहां के आदिवासी एवं ओबीसी समुदायों के साथ निरंतर अन्याय और अत्याचार हो रहे हैं, और उन्हें शीघ्र न्याय नहीं मिल पा रहा है। छह सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजित इस बैठक में पार्टी ने इन सभी मुद्दों पर एकजुट होकर प्रदर्शन करने की रणनीति बनाई है।
प्राचार्य की वापसी, गोंगपा करेगी प्रदर्शन
निवास के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पिपरिया में विगत अगस्त माह में एक आदिवासी छात्रा की मौत के बाद पद से हटाई गईं प्राचार्य मोनिका रोहिला को फिर से उसी विद्यालय का प्रभार दिए जाने पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। बताया गया कि प्राचार्य को पिछले कुछ दिनों पूर्व ही विद्यालय में दोबारा प्राचार्य बनाकर भेज दिया गया। विवाद तब और बढ़ गया जब उनके आने पर विद्यालय के कुछ स्टाफ सदस्यों द्वारा फूल-मालाओं से स्वागत किया गया, जिसे अभिभावक और पार्टी संवेदनहीनता मान रहे हैं। गोंगपा का आरोप है कि जिस अधिकारी को एक गंभीर मामले में हटाया गया था, उसे वापस उसी पद पर बहाल करना पूरी तरह अनुचित है। इसी आक्रोश के चलते गोंगपा ने प्राचार्य मोनिका रोहिला को तत्काल प्रभाव से पद से हटाए जाने की मांग पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू करने का निर्णय लिया है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे










