मोहगांव की छात्राओं को मिला स्वच्छता और स्वास्थ्य का पाठ
- वितरित किए गए सेनेटरी नैपकिन
- चार स्कूलों में मासिक धर्म स्वच्छता, एनीमिया व मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना मोहगांव के अंतर्गत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विकासखंड मोहगांव के चार प्रमुख विद्यालय हायर सेकेंडरी स्कूल गिठार, पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलगांव, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला मुनु एवं हायर सेकेंडरी स्कूल सिंगारपुर में छात्राओं को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, व्यक्तिगत स्वच्छता का महत्व, एनीमिया की पहचान और सुरक्षित स्तनपान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही विद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य पर समय अनुकूल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों और छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत समस्त उपस्थित बालिकाओं को सेनेटरी नैपकिन का वितरण किया गया। बालिकाओं को सेनेटरी नैपकिन के सही उपयोग को बढ़ावा देने और इसके सुरक्षित निपटान के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का संचालन महिला एवं बाल विकास परियोजना मोहगांव की पर्यवेक्षक विनीता यादव, संगीता मरावी, नीतू उइके और अंजना कोष्टा द्वारा किया गया, जिन्होंने छात्राओं के साथ इन संवेदनशील और महत्वपूर्ण विषयों पर खुली चर्चा की।









