हिंदू समाज संगठित हो तो देश पुन: प्रतिष्ठा प्राप्त करेगा-प्रेमशंकर सिदार
- आरएसएस के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मंडला में निकला भव्य एवं अनुशासित पथ संचलन
- पुष्प वर्षा कर किया भव्य स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सोमवार को मंडला में विजयादशमी उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक शस्त्र पूजन के साथ हुई, जिसके बाद मुख्य वक्ता मध्य क्षेत्र के सह क्षेत्र प्रचारक प्रेमशंकर सिदार ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। प्रेमशंकर सिदार ने अपने उद्बोधन का मुख्य बिंदु समाज के संगठन और जागरण को बनाया। उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज यदि संगठित होगा, तो देश पुन: अपनी खोई प्रतिष्ठा प्राप्त करेगा।

उन्होंने लोकशक्ति और सज्जन शक्ति के जागरण पर जोर देते हुए कहा कि वास्तविक विकास वही देश करता है जो सरकार पर निर्भर न रहकर अपनी जीवनी शक्ति को जागृत करता है। उन्होंने महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और पन्ना धाय जैसे ऐतिहासिक वीरों के जीवन को प्रेरणा स्रोत बताया। शस्त्र पूजन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सह क्षेत्र प्रचारक प्रेमशंकर सिदार ने कहा कि यह बुराइयों पर विजय पाने के लिए आंतरिक शक्ति के संवर्धन का प्रतीक है। उन्होंने संघ की 100 वर्षों की यात्रा को समाज समरसता और संगठन का प्रतीक बताया और नागरिकों से संयुक्त परिवार प्रणाली, स्वदेशी अपनाने और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता के उद्बोधन के बाद गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने नगर के प्रमुख मार्गों से अनुशासित और लयबद्ध पथ संचलन किया। संचलन के दौरान नगरवासियों ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया, जिससे सम्पूर्ण नगर राष्ट्र भक्ति के रंग में रंग गया।










