मंडला में सनसनीखेज वारदात
- पुरानी रंजिश में पड़ोसी ने पत्थर मारकर की गाय की हत्या
- गौ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र के ग्राम रुशा में शुक्रवार देर रात पड़ोसी से रंजिश के चलते एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने अपनी पड़ोसी महिला की गाय को खोलकर ले गया और पत्थर मारकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया गया कि रुशा निवासी माहे बाई उइके ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि शुक्रवार देर रात उसके पड़ोसी वेद सिंह नरते ने उसकी गाय को खोलकर ले गया और फिर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही बिछिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी वेद सिंह नरते के खिलाफ गो-प्रतिषेध अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुराने विवाद के कारण दिया वारदात को अंजाम
मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि आरोपी वेद सिंह नरते को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस वारदात में अन्य लोग भी शामिल थे। बताया गया कि इस वारदात की वजह पुराना विवाद है। कुछ साल पहले माहे बाई उइके के बैल की मौत हो गई थी, जिसके लिए महिला ने वेद सिंह पर आरोप लगाते हुए उससे 5 हजार रुपये हर्जाने के तौर पर वसूले थे। पुलिस का मानना है कि उसी पुराने विवाद के चलते आरोपी ने रंजिश में आकर इस घटना को अंजाम दिया।









