नारायणगंज में झोलाछाप डॉक्टरों की बाढ़

नारायणगंज जनपद में झोलाछाप डॉक्टरों की बाढ़, स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर सवाल

  • नारायणगंज में झोलाछाप डॉक्टर के हौसले बुलंद, मरीजों का कर रहे आर्थिक शोषण
  • अन्य ब्लॉक में कार्रवाई, नारायणगंज में 50 से अधिक झोलाछाप डॉक्टरों पर जांच कार्रवाई नहीं

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के नारायणगंज जनपद पंचायत क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों की बढ़ती संख्या और उन पर हो रही प्रशासनिक अनदेखी ने लोगों के स्वास्थ्य को खतरे में डाल दिया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि गांव-गांव में ऐसे डॉक्टरों की संख्या बढ़कर अब 50 से अधिक हो चुकी है, जो ग्रामीणों का गलत इलाज कर उनका आर्थिक शोषण कर रहे हैं।

शिकायत है कि ये झोलाछाप डॉक्टर ग्रामीणों को एलोपैथी दवाएं देकर उनका इलाज शुरू कर देते हैं। जब मरीज की हालत बिगड़ जाती है, तब उन्हें जिला या संभाग स्तर के अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया जाता है, जिसके चलते मरीजों को दोगुना खर्च उठाना पड़ रहा है। गलत इलाज के कारण लोगों की बीमारी बढ़ रही है और वे महंगे इलाज के लिए मजबूर हो रहे हैं।

स्थानीय मीडिया और नागरिकों ने कई बार इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन नारायणगंज क्षेत्र में अवैध पैथोलॉजी और क्लीनिक पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। जबकि जिले के अन्य विकासखंडों में अवैध क्लिनिक सील किए जा चुके हैं। ग्रामीणों ने अब जिला कलेक्टर से तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप करने और नारायणगंज में अवैध रूप से चल रहे झोलाछाप डॉक्टरों के क्लीनिकों को सील करने की मांग की है, जिससे लोगों का स्वास्थ्य और उनका पैसा सुरक्षित रहे।


 

Leave a Comment