किशोर साथिया बने पोलियो अभियान की रीढ़

किशोर साथिया बने पोलियो अभियान की रीढ़

  • नारायणगंज ब्लॉक में घर-घर पिलाई दवा
  • आरकेएसके मंडला ने चलाया जागरूकता अभियान
  • दीवार लेखन के जरिए अभिभावकों को किया प्रेरित

मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम मंडला की टीम ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला समन्वयक हेमंत राहंगडाले और संस्था प्रतिनिधि मुन्नालाल शर्मा के मार्गदर्शन में विकासखंड नारायणगंज के किशोर साथिया और किशोरी साथिया ने रविवार को जमीनी स्तर पर गांव-गांव व्यापक अभियान चलाया। युवा स्वयं सेवकों ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने में स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करते हुए ग्राम भ्रमण किया और घर-घर जाकर यह सुनिश्चित किया कि 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा खुराक पीने से वंचित न रह जाए।

बताया गया कि इस जन-जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए साथियाओं ने कोंडरा माल, चिराईडोंगरी, हनी मठ्ठा, मंगलगज, सहजनी, लालीपुर, भावल, मझगांव, मलारा, पटेहरा, टिकरिया, अमदरा, बीजेगांव, डुंगरिया, खम्हारिया चौकी और चरगांव जैसे लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक गांवों में दीवार लेखन का कार्य भी किया। दीवार लेखन के माध्यम से माता-पिता को पल्स पोलियो दवा के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के साथियाओं के इस सामूहिक और समर्पित प्रयास से नारायणगंज ब्लॉक में पोलियो दिवस का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



 

Leave a Comment