शराब पीने पर 20 हजार, बनाने पर 10 हजार जुर्माना

शराब पीने पर 20 हजार, बनाने पर 10 हजार जुर्माना और जानकारी देने वाले को 5 हजार का इनाम

  • सिंगारपुर की महिलाओं ने उठाया शराबबंदी का बीड़ा, कड़े जुर्माने का प्रस्ताव पारित, ग्राम में पूर्ण शराबबंदी लागू

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के आदिवासी बाहुल्य विकासखंड मोहगांव के ग्राम पंचायत सिंगारपुर की महिलाओं ने सामाजिक सुधार की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। महिलाओं के नेतृत्व में गांव में एक जागरूकता बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्राम में पूर्ण शराबबंदी लागू करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। इस बैठक में महिला, पुरुष, नवयुवक सहित सभी वर्गों के लोगों ने हिस्सा लिया और गांव को नशा मुक्त बनाने के संकल्प पर अपनी सहमति जताई।

जानकारी अनुसार सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के तहत अब ग्राम सिंगारपुर में शराब पीने या नशे का सेवन करने वाले किसी भी व्यक्ति पर 20 हजार रुपये का कड़ा जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं गांव में अवैध रूप से शराब बनाने या बेचने वाले किसी भी व्यक्ति पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक प्रोत्साहन राशि भी तय की गई है। प्रस्ताव के अनुसार शराब से जुड़ी कोई भी जानकारी या शिकायत देने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का नगद इनाम दिया जाएगा।

बैठक के बाद संपूर्ण ग्राम में नशा मुक्ति अभियान के समर्थन में एक विशाल रैली भी निकाली गई। इस रैली में गांव की महिला शक्ति, युवा वर्ग और छोटे-छोटे बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इस सामाजिक बुराई को खत्म करने का सामूहिक संकल्प लिया। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक बुराइयों को दूर करने की दिशा में सिंगारपुर ग्राम के सामूहिक इरादे की अच्छी पहल है। इस पहल से अन्य ग्रामों में भी जागरूकता बढ़ेगी।


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles