वाटर कूलर लंबे समय से खराब, प्यासे लौट रहे यात्री और राहगीर
- नारायणगंज बस स्टैंड में लाखों की लागत से लगे वाटर कूलर और टंकी की अनदेखी
- कॉम्प्लेक्स की टंकी में जमी काई, दूषित पानी से संक्रमण का खतरा
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के प्रमुख व्यावसायिक और परिवहन केंद्र बस स्टैंड पर पीने के पानी का संकट गहरा गया है। बाजार, टैक्सी स्टैंड और बस स्टैंड होने के कारण यहां रोजाना हजारों की संख्या में राहगीर, व्यापारी और यात्री पहुंचते हैं, लेकिन प्यास बुझाने के लिए लगा वाटर कूलर लंबे समय से खराब पड़ा है। बताया गया कि लंबे समय से सूखी पड़ी टोटी देखकर लोग मायूस होकर लौट जाते हैं। दुकानदारों और स्थानीय निवासियों ने इसकी शिकायत भी की है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है।
जानकारी अनुसार बस स्टैंड परिसर में स्थित कॉम्प्लेक्स में रखी पानी की टंकी की स्थिति भी चिंताजनक है। टंकी के भीतर काई जम चुकी है, जिसके कारण पानी पीने योग्य नहीं बचा है। लोगों को दूषित पानी पीने से बीमार पडऩे का डर बना हुआ है। शिकायत के बावजूद जनपद पंचायत द्वारा इस टंकी की समय-समय पर साफ-सफाई नहीं कराई जाती है। इसके साथ ही वाटर कूलर में आरओ फिल्टर भी नहीं लगाया गया है, जिससे दूषित पानी लोगों को मिल रहा है। कूलर की टोटियां भी टूट चुकी हैं।
जनप्रतिनिधियों ने लगवाया, पर देखरेख में कोताही
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि यह वाटर कूलर सरपंच पंडरिया और जनपद उपाध्यक्ष द्वारा जनहित में लगवाया गया था। हालांकि स्थापना के बाद से न तो इसकी साफ-सफाई पर ध्यान दिया गया और न ही मरम्मत का कार्य कराया गया। व्यापारियों और आम नागरिकों ने जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत दोनों से तत्काल इस मामले में संज्ञान लेकर वाटर कूलर की मरम्मत कराने और दूषित हो चुकी टंकी की सफाई कराने की मांग की है जिससे लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।










