कैबिनेट मंत्री ने मरार माली महासभा को प्रतिवर्ष एक लाख देने की घोषणा
- महात्मा फुले के आदर्शों पर मरार माली महासभा का आयोजन
- प्रतिभाशाली छात्रों सहित वृद्ध जनों का हुआ सम्मान
मंडला महावीर न्यूज 29. मरार माली महासभा मंडला के तत्वाधान में मरार समाज धर्मशाला महाराजपुर में जिले के प्रतिभावान छात्रों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री संपतिया उइके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा ज्योतिबा फुले एवं माता सावित्री बाई फुले के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन अर्चन से हुआ। मंचासीन अतिथियों में महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रामकिशोर कांवरे पूर्व मंत्री और जिला अध्यक्ष अशोक भांवरे उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने महासभा के विकासशील कार्यक्रमों की सराहना करते हुए मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित करने के लिए प्रतिवर्ष एक लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त सभी छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया और हर समय सहयोग का आश्वासन दिया।
मेधावी छात्रों का किया सम्मान
समारोह में कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान जया भांवरे, द्वितीय आदित्य भांवरे और तृतीय पीयूष भांवरे रहे। इसी प्रकार कक्षा 10वीं में प्राची भांवरे, रानू भांवरे और दिव्या भांवरे ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को नकद राशि, स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, बड़ी संख्या में छात्रों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। वृद्ध जनों का भी सम्मान किया गया।
संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का लिया संकल्प
महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रामकिशोर कांवरे ने महासभा की कार्य योजना की विस्तृत व्याख्या करते हुए संगठन को मजबूत बनाकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज सुधार से पहले हमें खुद में सुधार लाकर एक नया उदाहरण प्रस्तुत करना होगा। इस अवसर पर युवक-युवती परिचय कार्यक्रम भी सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बालाघाट, सिवनी, जबलपुर सहित जिले के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।









