दो दिन में 2500 से अधिक लोगों का नि:शुल्क आयुर्वेदिक उपचार

आचार्य विद्यासागर के अवतरण दिवस पर पिंडरई में ऐतिहासिक पहल

  • दो दिन में 2500 से अधिक लोगों का नि:शुल्क आयुर्वेदिक उपचार
  • नाड़ी परीक्षण, पंचकर्म और स्वर्ण प्राशन के साथ नि:शुल्क शिविर में 180 चश्मे भी वितरित

मंडला महावीर न्यूज 29. लघु तीर्थ क्षेत्र व्रती नगरी पिंडरई में आचार्य भगवन विद्यासागर महाराज एवं स्वगुरु छविधारी आचार्य समय सागर महाराज के अवतरण दिवस शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर दो दिवसीय विशाल नि:शुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। मुनिश्री नीरज सागर एवं मुनिश्री निर्मद सागर महाराज की मंगल प्रेरणा और सानिध्य में विगत दिवस आयोजित इस शिविर में 2500 से भी अधिक लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें उपचार प्रदान किया गया।

यह शिविर आचार्य विद्यासागर के आशीर्वाद से संचालित पूर्णायु आयुर्वेद चिकित्सालय एवं अनुसंधान विद्यापीठ जबलपुर और शांतिधारा गिर गौशाला एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र बीनाबारह जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के सहयोग से लगाया गया। शिविर के माध्यम से भारतीय चिकित्सा पद्धति के अनुसार जन-जन के उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना की गई। शिविर में देश के विभिन्न स्थानों से लगभग 15 अनुभवी वैद्य एवं वैद्या और आयुर्वेद में पारंगत 20 सहयोगी नि:स्वार्थ भाव से सेवाएं देने के लिए उपस्थित हुए। इनमें वैद्यराज मनीष, वैद्यराज आशीष गोस्वामी, शैलेश, वैद्य सलिल जैसे प्रमुख चिकित्सक शामिल रहे। नैनपुर के बीएमओ डॉ. राजीव चावला एवं डॉ. आर्यष जैन ने भी अपनी पूरी टीम के साथ शिविर को अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

जांच, परीक्षण के बाद स्वर्ण प्राशन की दवा पिलाई 

शिविर के अंतर्गत नाड़ी परीक्षण, पंचकर्म और एक्यूप्रेशर के माध्यम से रोगों का उपचार किया गया। शिविर की सबसे बड़ी विशेषता स्वर्ण प्राशन दवा का वितरण रही, जो 0 से लेकर 16 साल तक के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पिलाई गई। शिविर में 422 लोगों की नेत्र जांच की गई, जिसमें से 180 लोगों को नि:शुल्क चश्मे प्रदान किए गए। परीक्षण के बाद चिकित्सकों के परामर्श अनुसार सभी को नि:शुल्क औषधि, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले काढ़े एवं पौष्टिक फलों का वितरण भी समाज के द्वारा किया गया।
इस शिविर को सफल बनाने में सकल दिगंबर जैन समाज, श्री विद्यासागर नवयुवक कमेटी, चातुर्मास कमेटी, महिला मंडल, बालिका मंडल एवं पाठशाला परिवार के सभी सदस्यों ने विशेष योगदान दिया। जिले के वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों ने भी शिविर में उपस्थित होकर स्वास्थ्य लाभ लिया। शिविर आयोजक सकल दिगंबर जैन समाज ने सभी सहयोगियों एवं सेवाभावी चिकित्सकों का हृदय से आभार व्यक्त किया है।


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles