बेटी ने निभाया बेटे का फर्ज, प्रेरणा ने किया अपने पिता का अंतिम संस्कार
- चार साल की बीमारी के बाद अजय कछवाहा का निधन
- बिटिया प्रेरणा ने नम आँखों से दी अंतिम विदाई
मंडला महावीर न्यूज 29. विगत चार वर्षों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे अजय कछवाहा का दुखद निधन हो गया, जिससे पूरा परिवार और परिचित गहरे शोक में डूब गए हैं। भारतीय संस्कृति में जहां अंतिम विदाई की रस्मों में बेटे की उपस्थिति को महत्वपूर्ण माना जाता है, वहीं आज जो नजारा देखने को मिला, वह निश्चित रूप से सभी की आँखों को नम कर गया और समाज के लिए एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया। स्वर्गीय अजय कछवाहा का अंतिम संस्कार उनकी बिटिया प्रेरणा कछवाहा के द्वारा संपन्न किया गया।
बिटिया प्रेरणा ने मुखाग्नि देकर एक बेटे का फर्ज अदा किया और पिता को अंतिम विदाई दी। प्रेरणा का यह कदम न केवल रूढिय़ों को तोड़ता है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि बेटियां किसी भी जिम्मेदारी को निभाने में पीछे नहीं रहती हैं। अंतिम विदाई के इस पल ने पारिवारिक प्रेम और बेटी के अदम्य साहस स्पष्ट नजर आया।









