छिंदवाड़ा घटना के बाद मंडला में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
- 5 साल से कम उम्र के बच्चों को कोल्ड एण्ड कफ सिरप न देने की एडवाइजरी जारी
- बिना प्रिस्क्रिप्शन बच्चों की खांसी की दवा न बेचें
- सीएमएचओ मंडला ने केमिस्टों को दिए सख्त निर्देश, मिलीभगत पर होगी कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में कोल्ड एण्ड कफ सिरप के सेवन से बच्चों की मौत के गंभीर मामले को संज्ञान में लेते मंडला सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से एडवाइजरी जारी की है। बताया गया कि जारी एडवाइजरी में कहां गया है कि 5 साल से कम उम्र के बच्चों को कोडाइन कफ सिरप या इसी प्रकार की अन्य दवाओं से पूरी तरह दूर रहने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि डॉक्टर की सलाह के बिना ऐसी दवाओं का इस्तेमाल बच्चों के लिए घातक साबित हो सकता है।
केमिस्टों को दिए सख्त निर्देश
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडला सीएमएचओ ने जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन और मीडिया के साथ बैठक की। इसमें सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी सर्दी-खांसी की दवा बच्चों को बिना पंजीकृत चिकित्सक के प्रिस्क्रिप्शन के न दी जाए। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने फार्मेसी संचालकों को निर्देशित किया है कि वह पंजीकृत फार्मासिस्ट का नाम, लाइसेंस और आधार कार्ड की फोटोकॉपी दुकान के सामने प्रदर्शित करें और फार्मासिस्ट दुकान में स्वयं उपस्थित रहें। चेतावनी दी गई है कि नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉक्टर की ले सलाह
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने अभिभावकों को सलाह दी है कि बच्चे को सर्दी-खांसी होने पर तुरंत किसी पंजीकृत मेडिकल प्रेक्टिशनर के पास ले जाकर उनके निर्देशों के अनुसार ही इलाज कराएं। इसके साथ ही बच्चों को आराम दें, हाइड्रेटेड रखें (पानी/जूस) और गुनगुने पानी से स्नान या स्टीम दिलाना फायदेमंद हो सकता है।










