निवास में रावण दहन को लेकर हंगामा

निवास में रावण दहन को लेकर हंगामा, नगर परिषद के वाहन क्षतिग्रस्त

  • परंपरा टूटने से बिगड़ा माहौल, समय से पहले रावण दहन के विरोध में प्रदर्शन
  • प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर संभाला मोर्चा

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के निवास में गुरुवार रात रावण दहन के आयोजन के दौरान उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब स्थानीय परंपरा का उल्लंघन करते हुए कुछ झांकियों के पहुंचने से पूर्व ही रावण दहन कर दिया गया। इस घटना से आक्रोशित समितियों के लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया और नगर परिषद के वाहनों को पलट दिया।

बताया गया कि परंपरा के अनुसार निवास स्टेडियम में सभी प्रतिमाएं और राम दरबार की झांकियां एकत्र होने के बाद ही रावण दहन किया जाता है और उसके बाद विसर्जन के लिए चल समारोह निकाला जाता है। लेकिन इस बार समय से पहले दहन होने की जानकारी मिलते ही कई समितियों के लोग आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने निवास थाने का घेराव किया और नगर परिषद की चारपहिया गाडिय़ों को पलट दिया। कुछ स्थानों पर तोडफ़ोड़ भी हुई।

प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा 

अचानक उपजे तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गए। देर रात तक एसडीएम सी.एल. वर्मा और एसडीओपी पीएस वालरे मौके पर मौजूद रहे और समितियों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। मंडला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्यालय से भारी पुलिस बल निवास के लिए रवाना किया गया। अधिकारियों की समझाइश और बातचीत के बाद मामला शांत हुआ और प्रतिमाओं का देर रात विसर्जन संपन्न हुआ। स्थिति नियंत्रण में आने तक निवास नगर को पुलिस छावनी में तब्दील रखा गया। एसडीएम सीएल वर्मा ने बताया कि रावण दहन समय से पहले होने के कारण कुछ लोग नाराज थे, लेकिन बातचीत से स्थिति काबू में आ गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन केवल व्यवस्थाएं सुनिश्चित करता है, जबकि कार्यक्रम की रूपरेखा शांति समिति की बैठक में तय होती है।

नगर परिषद कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन 

रात्रि में हुए प्रदर्शन और तोडफ़ोड़ के बाद शुक्रवार को नगर परिषद के कर्मचारी लामबंद हो गए। उन्होंने निवास एसडीओपी पीएस वालरे और थाना प्रभारी वर्षा पटेल को पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कर्मचारियों ने वाहन क्षतिग्रस्त करने और तोडफ़ोड़ करने वाले अज्ञात लोगों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे लामबंद होकर विरोध जारी रखेंगे।

इनका कहना है

नगर परिषद के कर्मचारियों के द्वारा आवेदन दिया गया है जिस समस्या को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश अनुसार जो भी कार्रवाई होगी वह की जाएगी।
पीएस वालरे, एसडीओपी निवास


 

Leave a Comment