बिछिया पुलिस ने किया मोटर साइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़
- चोरी के चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर खुला गिरोह का राज
- स्कूल से बर्तन और गैस सिलेंडर भी जब्त, मंडला और डिंडौरी जिले की 11 बाइकें बरामद
मंडला महावीर न्यूज 29. बिछिया थाना पुलिस ने लंबे समय से क्षेत्र में हो रही मोटर साइकिल चोरियों पर लगाम लगाते हुए एक चोर गिरोह को पकडऩे में बड़ी सफलता हासिल की है। इस गिरोह के चार सदस्यों से 11 चोरी की मोटर साइकिलें और अन्य संपत्ति बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा ने एसडीओपी बिछिया सौरभ तिवारी और थाना प्रभारी बिछिया भीष्म तिवारी को इस गिरोह को पकडऩे के लिए विशेष रूप से निर्देशित किया था।
बताया गया कि थाना प्रभारी भीष्म तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए विगत दिवस चार आरोपी रॉकी उर्फ योगेश गायकवाल, कल्लू उर्फ शिवचंद उईके, राहुल कसार और आनंद सारथी को गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक गिरफ्तारी में इनसे 06 मोटर साइकिलें बरामद हुई थीं। आरोपीगणों ने पूछताछ में जिले के अन्य थाना क्षेत्रों और दूसरे जिले से भी मोटर साइकिलें चोरी करना बताया था, जिसके कारण उन्हें 2 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर बिछिया थाना क्षेत्र की 02, मंडला थाना क्षेत्र की 02 और डिंडौरी जिले की 01 मोटर साइकिल और बरामद की गईं, जिससे कुल बरामदगी 11 तक पहुँच गई।
बिरसा स्कूल से चोरी सामान भी जब्त
मोटर साइकिलों के अलावा पुलिस ने आरोपियों से बिरसा सरकारी स्कूल में हुई चोरी का माल भी बरामद किया है। जब्त की गई संपत्ति में एक एचपी कंपनी की गैस टंकी और कुछ बर्तन भी शामिल हैं। जब्तशुदा मोटर साइकिलों में बजाज पल्सर और होण्डा शाईन मॉडल की गाडिय़ाँ शामिल हैं। चोरी के गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शिवचंद उईके उर्फ कल्लू 20 वर्ष, धनगांव घुटास थाना बिछिया, रॉकी उर्फ योगेश गायकवाल 19 वर्ष, घुटास बिछिया, राहुल कसार 22 वर्ष, घुटास बिछिया), आनंद सारथी 24 वर्ष, राजीव कॉलोनी झंडा चौक देवदरा के रूप में की गई है। इस कार्यवाही में निरीक्षक भीष्म तिवारी, उप निरीक्षक प्रवीण मालवीय, सउनि सुरेश विजयवार, सउनि उपेन्द्र यादव सहित प्रधान आरक्षक और आरक्षकों की टीम की विशेष भूमिका रही।









