जिला चिकित्सालय मंडला में हृदय रोग एवं आंख की सर्जरी का लगेगा विशेष शिविर

जिला चिकित्सालय मंडला में हृदय रोग एवं आंख की सर्जरी का लगेगा विशेष शिविर

  • जबलपुर और नागपुर के विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे सेवाएं

मंडला महावीर न्यूज 29. स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय मंडला में 1 अक्टूबर को मेगा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में हृदय रोग, आंख की समस्या और अन्य बीमारियों से ग्रसित हितग्राहियों को उपचार का लाभ दिया जाएगा। शिविर में ब्लॉक स्तर पर चिन्हित किए गए बच्चों को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। बताया गया कि मेगा शिविर में हृदय रोग से संबंधित समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों की ईको जांच की जाएगी और समस्या पाए जाने पर उनका नि:शुल्क उपचार कराया जाएगा। 18 वर्ष से ऊपर के हितग्राहियों के लिए भी आवश्यकतानुसार ईसीजी और इको जाँच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

आंख से संबंधित रोगों की भी जांच परीक्षण मेगा शिविर में किया जाएगा। जिसमें बच्चों में मोतियाबिंद, आँख में तिरछापन और आरओपी जैसी समस्याओं के लिए चिन्हांकन कर सर्जरी की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही शिशु रोग से संबंधित जनरल सर्जरी, स्त्री रोग संबंधी समस्याएँ और ऑर्थोपेडिक हड्डी रोग समस्याओं की भी जाँच की जाएगी। आवश्यकता होने पर बच्चों की नि:शुल्क सर्जरी कराई जाएगी।

निजी चिकित्सालयों के विशेषज्ञ देंगे सेवाएं 

बताया गया कि इस मेगा शिविर में निजी चिकित्सालयों के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएँ देंगे, जिनमें गैलेक्सी हॉस्पिटल जबलपुर, सराक्षी आई हॉस्पिटल नागपुर, नायक हॉस्पिटल, अनंत हॉस्पिटल और गोल्डन हॉस्पिटल जबलपुर शामिल हैं। जिला चिकित्सालय मंडला के सिविल सर्जन डॉ. विजय सिंह धुर्वे ने जन सामान्य से अपील की है कि कोई भी हितग्राही जो किसी भी बीमारी से ग्रसित है, वह शिविर में आकर उपचार का लाभ ले। उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 0 से 18 साल तक के हृदय रोग एवं आँख की समस्या से संबंधित बच्चों को नि:शुल्क उपचार लेने की अपील की है।

मेगा शिविर में बच्चों के जटिल नेत्र रोगों का होगा उपचार 

स्वास्थ्य सेवा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सराक्षी आई नेत्रालय नागपुर द्वारा 1 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय मंडला में अपनी विशेष सेवाएं देगी। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक स्तर पर चिन्हित किए गए बच्चों की जटिल नेत्र समस्याओं का उपचार करना है। विशेष रूप से रेटिनोपैथी ऑफ प्रीमेच्योरिटी, भेंगापन, आँख में तिरछापन और मोतियाबिंद से ग्रसित बच्चे, जिनकी पहले स्क्रीनिंग हो चुकी है, उन्हें शिविर में आने के लिए सूचित किया गया है। इसके साथ ही जिन वयस्कों को भी आँखों में किसी प्रकार की समस्या है, वे भी इस शिविर में आकर जांच करा सकते हैं। इन वयस्कों का उपचार आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत नि:शुल्क किया जाएगा।


 

Leave a Comment