खेरमाई माता को चढ़ाई 201 मीटर लंबी चुनरी

खेरमाई माता को चढ़ाई 201 मीटर लंबी चुनरी, भक्तों का उमड़ा सैलाब

  • शीतला मंदिर से शुरू हुई चुनरी यात्रा
  • अंजनियां के प्रमुख मार्गों से होते हुए खेरमाई मंदिर पर हुआ समापन
  • संगीत की धुन पर थिरके श्रद्धालु

मंडला महावीर न्यूज 29. नवरात्रि के पावन पर्व पर अंजनियां ग्राम में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब 201 मीटर लंबी चुनरी यात्रा निकाली गई। इस भव्य यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए, जिन्होंने माता के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा का प्रदर्शन किया। ग्राम के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा का गरमाजोशी से स्वागत किया गया, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति का संचार हो गया।

बताया गया कि भक्तगण विगत वर्ष से लगातार इस भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन करते आ रहे हैं, और इस वर्ष भी यह परंपरा बड़े उत्साह के साथ निभाई गई। इस साल नवरात्रि के दौरान चुनरी यात्रा की शुरुआत शीतला मंदिर से हुई। 201 मीटर की विशाल चुनरी लिए भक्तगण ग्राम के मुख्य मार्गों से होते हुए बस स्टैंड और इंदिरा चौक से गुजरते हुए अंतत: खेरमाई मंदिर पहुँचे। खेरमाई मंदिर पहुँचने पर सभी भक्तों ने मिलकर पूरे भक्ति भाव से यह विशाल चुनरी खेरमाई माता को अर्पित की।

चुनरी यात्रा का विशेष महत्व 

अंजनियां ग्राम में चुनरी यात्रा का बड़ा महत्व है। यह केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि पूरे ग्राम को एक साथ जोडऩे वाला एक सामाजिक और आध्यात्मिक आयोजन भी है। इस यात्रा में पूरे अंजनियां ग्राम के लोग उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं, जिससे एकता और सौहार्द का संदेश जाता है। विगत वर्ष से प्रारंभ हुई यह यात्रा शीतला मंदिर से शुरू होकर खेरमाई मंदिर तक पहुँचने के अपने निर्धारित मार्ग पर चलती है। यात्रा में शामिल भक्त संगीत की भक्तिमय धुन पर माता के जयकारे लगाते हुए और थिरकते हुए नजर आए, जिससे पूरा अंजनियां ग्राम भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। यह आयोजन न केवल धार्मिक भावनाओं को मजबूत करता है बल्कि ग्रामीणों के बीच आपसी प्रेम और भाईचारे को भी बढ़ावा देता है।


रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️


 

Leave a Comment