ग्राम बरवाही को मिली स्वास्थ्य सुविधा की सौगात

ग्राम बरवाही को मिली स्वास्थ्य सुविधा की सौगात

  • मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने किया उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण

मंडला महावीर न्यूज 29. बीजाडांडी विकासखंड के ग्राम बरवाही में आयुष्मान आरोग्यम केंद्र का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। बीएमओ डॉ. अभयकीर्ति गजभिय ने बताया कि इस उप स्वास्थ्य केन्द्र की निर्माण लागत लगभग 50 लाख रुपये है।

लोकार्पण के बाद उपस्वास्थ्य केन्द्र में मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने स्वयं भी अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। उपस्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ सीएचओ मोनिका सिंह ने मंडला सांसद का बीपी की जांच की। इस दौरान मंडला सांसद ने ग्रामीणों को संदेश दिया कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केंद्र से ग्रामीणों को नि:शुल्क उपचार, परामर्श और नियमित जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। सांसद श्री कुलस्ते ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत सरकार का उद्देश्य है कि गाँव-गाँव तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचें, जिससे आमजन को छोटी-छोटी बीमारियों के लिए शहर न जाना पड़े।

यहाँ आयोजित मंचीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि बरवाही से उनका पुराना नाता रहा है। यहाँ कुकरा तालाब गहरीकरण और बरवाही के हाईस्कूल को हायरसेकेंडरी में अपग्रेड करने, क्षेत्र में लिफ्ट सिंचाई परियोजना का लाभ दिलाने सहित अन्य मुद्दों पर विचार करने की बात स्थानीय लोगों ने कही। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि वे लगातार क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं पर काम कर रहे हैं। हाल ही में बीजाडांडी में उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली थी, जिसमें जन-मन अभियान के तहत अधूरे विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जो आवश्यक काम इस सूची में शामिल नहीं हैं, उन्हें भी प्राथमिकता से जोड़कर पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम में राकेश सिंह परस्ते, डीएल कुंभारे, विकास यादव, आदित्य मिश्रा, अजीत श्रीवास्तव, राहुल सिसोदिया, जाकिर हुसैन, जगदीश टेकाम, सरपंच श्रीधर कुंजाम, उप सरपंच स्वाति यादव, पुष्पा सिंह उद्दे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारियों में बीएमओ डॉ. अभयकीर्ति गजभिये, डॉ. राहुल सिंह ठाकुर, तपन गजभिये, कमलेश मरावी, राकेश विश्वकर्मा, रेणुका मरावी, सहेली कुडापे, उपस्वास्थ्य केन्द्र बरवाही सीएचओ मोनिका सिंह और समस्त ग्रामीण जन उपस्थित रहे।



 

Leave a Comment