धान खरीदी और मूलभूत सुविधाओं पर मंथन
- कृषि उपज मंडी मंडला में एसडीएम की अध्यक्षता में हुई किसान संघ और व्यापारियों की बैठक
- डबल लॉक गोदाम और मंडी सुविधाओं के लिए दिए सुझाव
मंडला महावीर न्यूज 29. कृषि उपज मंडी मंडला में एसडीएम की अध्यक्षता में भारतीय किसान संघ के जिला पदाधिकारी एवं मंडी अधिकारियों के साथ किसानों की समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय किसान संघ द्वारा धान खरीदी के दौरान किसानों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। बैठक में खाद संबंधी समस्याओं को भी प्रमुखता से रखा गया। इसके साथ ही आगामी कृषि सत्र में किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो, जिससे उन्हें बुवाई के समय किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
भारतीय किसान संघ ने डबल लॉक खैरी गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। संघ ने गोदाम के चारों तरफ ऊँची बाउंड्री और सुरक्षित गेट बनाने की मांग की, जिससे अनाज खरीदी के समय चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सके और आवारा जानवरों का प्रवेश भी प्रतिबंधित हो सके। इसके साथ ही गोदाम के समीप स्थित पानी के प्राकृतिक स्रोत झिरिया को व्यवस्थित और उपयोगी बनाने का विषय भी रखा गया। मंडी परिसर में किसानों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी चर्चा हुई। जिसमेंं मुख्य रूप से मंडी में शौचालय की उचित व्यवस्था, सफाई और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने कहां गया, जिससे दूर दराज से आने वाले किसानों को सुविधा मिल सके।
बैठक में एसडीएम मंडला के साथ भारतीय किसान संघ अध्यक्ष श्रीराम सिंधिया, उपाध्यक्ष दुर्गेश गिरी गोस्वामी, उपाध्यक्ष भगवान दास कछवाहा, वरिष्ठ कार्यकर्ता गुलाब मरदडिया, उमेश शुक्ला एवं अन्य कृषक-व्यापारी संघ के सदस्य और मंडी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।









